
चेकिंग में लापरवाही पर एसपी ने नगर चौकी इंचार्ज को किया सस्पेंड
Maharajganj News - महराजगंज में एसपी सोमेन्द्र मीना ने वाहन चेकिंग में लापरवाही के लिए नगर पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है। रविवार की रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को रोकने के निर्देश देने के बावजूद चौकी इंचार्ज मौके पर नहीं थे। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी चूक को बर्दाश्त न करने का आदेश दिया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। एसपी सोमेन्द्र मीना ने वाहन चेकिंग में लापरवाही बरतने पर नगर पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। एसपी ने दो टूक में निर्देश दिया कि रात्रि गश्त व संदिग्ध वाहनों की त्वरित जांच में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रविवार की रात फरेंदा रोड पर एक तेज रफ्तार ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो महराजगंज की ओर आते देख एसपी ने पुलिस कर्मियों को तत्काल उस वाहन को रोकने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस कर्मियों ने नगर चौराहा पर वाहन को रोका।
जांच पड़ताल के बाद स्कॉर्पियो को सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान मौके पर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता मौजूद नहीं थे। जांच में पता चला कि वह भोजन के लिए गए हुए थे, जबकि रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक चेकिंग व निगरानी का आदेश है। एसपी हर रात को सुरक्षा व्यवस्था व चेकिंग की स्थिति का जायजा लेने के बाद भ्रमण कर रहे हैं। आदेश के बाद भी नगर चौकी पर चेकिंग में लापरवाही पर नगर चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई की गाज गिर गई। चेकिंग व निगरानी के दौरान चूक कतई स्वीकार्य नहीं है। नियमों का पालन पूरी गंभीरता से किया जाना चाहिए, ताकि कानून विपरीत गतिविधियों को रोका जा सके। चेकिंग में लापरवाही पर कोतवाली के नगर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है। सोमेन्द्र मीना, एसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




