Maharajganj News: सेवा संकल्प अभियान में दस प्रमुख स्थलों पर होगा दीपोत्सव
Maharajganj News: प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरु होगा। सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ को लोगों के बीच पहुँचाना है। दीप प्रज्ज्वलन सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।

Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।
अभियान का उद्देश्य
सीडीओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाना है। 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया अभियान के तहत प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं व योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा जिले के 10 प्रमुख स्थलों पर वृहद दीपोत्सव के लिए 15 सितंबर तक स्थल चयन व दीयों की व्यवस्था पूरा करें।
प्रतियोगिताएँ और कार्यक्रम
उन्होंने बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में भाषण, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिता कराने के साथ युवाओं के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का सम्मान होगा। बच्चों को कॉमिक बुक, पौष्टिक फल व मिठाई भी वितरित की जाएगी।
सोशल मीडिया प्रचार
सीडीओ ने सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों की शॉर्ट फिल्म व रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रचारित करने को कहा। सक्सेना चौक पर ज्योति सेवा कलश स्थापित करने की जिम्मेदारी नगर पालिका को दी गई। उन्होंने ग्राम पंचायतों और वार्डों में कार्यक्रमों की नियमित निगरानी व फोटो-वीडियो शासन के लिंक पर समय से साझा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीडीओ बीएन कन्नौजिया, पीडी रामदरश चौधरी, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, डीएसटीओ निरंकार, डीआईओ प्रभाकर मणि त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


