Maharajganj News: दीपोत्सव के साथ होगा सेवा संकल्प अभियान का आगाज
Maharajganj News: महराजगंज में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत दीपोत्सव के साथ होगी। जिला प्रशासन ने अभियान के तहत जिले के प्रमुख स्थलों को दीप जलाने के लिए चिह्नित किया है। डीएम के निर्देश पर स्वास्थ्य शिविर और चित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों में दीप जलाएं।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सेवा, सुशासन व विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान का आगाज दीपोत्सव से होगा। जिला प्रशासन ने अभियान के शुभारंभ पर जिले के दस प्रमुख स्थलों को दीपोत्सव के लिए चिह्नित किया है। इन स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के घरों व प्रतिष्ठानों में भी दीप जलाने की अपील की गई है। डीएम गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर प्रशासन ने रोहिन बैराज, नगर पालिका क्षेत्र समेत प्रमुख सार्वजनिक, ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। 17 सितंबर को शाम सात बजे सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित ग्रामीण व शहरी परिवारों से भी घरों पर दीप जलाकर अभियान से जुड़ने की अपील की गई है。
दस प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव की रूपरेखा तैयार
जिले की विकास परियोजनाओं, पंचायत सचिवालयों, अन्नपूर्णा भवनों, अमृत सरोवरों, पार्कों व निर्माण स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे। लेहड़ा देवी, कटहरा महादेव, इटहिया महादेव, चौक मंदिर, जगन्नाथ मंदिर व बड़हरा महंथ मंदिर समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दीपोत्सव होगा। झुलनीपुर बैराज, लोहिया पार्क, रोहिन बैराज, प्रमुख घाटों, जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, तहसीलों व विकास खंड कार्यालयों में भी शाम सात बजे दीप प्रज्वलन होगा।
सीडीओ बने नोडल अधिकारी
अभियान के संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला विकास अधिकारी सहायक नोडल व जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सह नोडल अधिकारी होंगे। तहसील स्तर पर एसडीएम व बीडीओ तथा ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिवों को जिम्मेदारी दी गई है।
रक्तदान से लेकर चित्र प्रदर्शनी में दिखेगी कार्यक्रम की झलक
17 सितंबर को जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। विश्वकर्मा जयंती पर विकास भवन सभागार में कारीगरों को औजार किट दी जाएगी। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा कार्यक्रम चलेगा। शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश विषय पर चित्रकला, भाषण व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी।
ब्लॉक स्तर पर चयनित चित्रों में से 60 चित्रों की जिला स्तरीय प्रदर्शनी पांच अक्टूबर को डायट में लगेगी। इनमें तीन सर्वश्रेष्ठ चित्र पुरस्कृत किए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से आशीर्वाद का दीया हैशटैग के साथ फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की गई है। डीएम व सीडीओ ने भी सभी नागरिकों से अपील की है कि 17 सितम्बर को अपने घर के बाहर कम से कम एक दीया जरूर जलाएं।
सीडीओ महेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। 17 सितंबर को सेवा दिवस पर जिले के प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव के साथ घरों व प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर लोगों से अभियान से जुड़ने की अपील की गई है।


