Maharajganj News: पीएम मोदी के जन्मदिन पर शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 17 को जलेंगे दीये
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी जन्मदिन के अवसर पर जिले

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी जन्मदिन के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। अभियान के क्रियान्वयन और विभागवार तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह ने समीक्षा बैठक की। सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य
बैठक में सीडीओ ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है।
दीप जलाने का कार्यक्रम
मंदिरों, घाटों व लाभार्थियों के घरों पर जलेंगे दीये
अभियान के तहत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जनपद के प्रमुख मंदिरों, नदियों के घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं व सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों पर दीप जलाए जाएंगे। सीडीओ ने पर्यटन, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग को इस कार्यक्रम को जन-आंदोलन का रूप देने का निर्देश दिया।
प्रतियोगिताएं और संवाद कार्यक्रम
रंगोली, भाषण और युवाओं संग होगा संवाद
बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसके अलावा बुद्धिजीवियों के माध्यम से युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें उन्हें राष्ट्र निर्माण, सेवा और नवाचार से जोड़ा जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम
जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर के मध्य प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसमें हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का सम्मान और बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल व मिठाइयों का वितरण किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर प्रचार
सोशल मीडिया पर छाएंगी लाभार्थियों की सक्सेस स्टोरी
सीडीओ ने निर्देश दिया कि जिन नागरिकों के जीवन में सरकारी योजनाओं से बदलाव आया है, उनकी सक्सेस स्टोरी, शॉर्ट फिल्म व रील्स के जरिए सोशल मीडिया पर प्रसारित की जाएं। कार्यक्रमों के फोटो व वीडियो शासन द्वारा दिए गए लिंक पर तत्काल अपलोड करने होंगे। बैठक में डीडीओ बीएन कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, डीआईओएस प्रदीप शर्मा, बीएसए सुरजीत सिंह, पीडी रामदरस चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव, डीपीओ वाणी वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


