रैगिंग के नाम पर दो छात्रों की पिटाई, सात के खिलाफ केस
Maharajganj News - महराजगंज, निज संवाददाता। जिले के केएमसी मेडिकल कॉलेज में दो छात्रों के साथ रैगिंग

महराजगंज, निज संवाददाता। जिले के केएमसी मेडिकल कॉलेज में दो छात्रों के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रों ने दोनों को बेरहमी से पीटा। आरोप है कि उनसे जूता चटवाया। मारपीट में एक छात्र बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजन पीड़ित छात्रों को अस्पताल से लेकर कोतवाली पहुंचे। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर सात सीनियर छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कालेज प्रशासन के एक जिम्मेदार का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
कोतवाली पुलिस को दिए गए तहरीर के मुताबिक वाराणसी जनपद के कैंट थाना क्षेत्र के चौका घाट निवासी यशवर्धन सिंह व गाजीपुर जनपद के शादियाबाद थाना क्षेत्र के मनिहारी खास निवासी देवांश सिंह कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र हैं। आरोप के अनुसार द्वितीय वर्ष के छात्रों ने सोमवार की शाम को रैगिंग देने से इंकार पर उनको बेरहमी से पीटा। जूता चटवाकर अपमानित किया। गार्ड व शिक्षकों के आने के बाद सीनियर छात्र भाग गए। पीड़ित छात्रों ने घटना की सूचना डायल-112 पर दी, जिसके बाद पुलिस पहुंची। मारपीट की सूचना पर परिजन पहुंचे। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित छात्र यशवर्धन सिंह व देवांश सिंह की तहरीर के आधार पर आरोपित छात्र स्वप्निल जायसवाल, समर प्रताप सिंह, उन्मेश, उत्कर्ष आनंद, अथर्व गर्ग, उत्कर्ष सिंह व पुल्कित के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। दो छात्रों के साथ मारपीट के मामले में तहरीर के आधार पर नामजद आरोपित छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है। कॉलेज के एंटी रैगिंग कमेटी को इस मामले में पत्र भेजा जाएगा। मामले में कार्रवाई होगी। सोमेन्द्र मीना, एसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




