व्हाट्सएप से करिए मैसेज, समस्याओं का होगा समाधान
महराजगंज आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए परिवहन निगम अधिक कमाई के चक्कर में...
महराजगंज
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए परिवहन निगम अधिक कमाई के चक्कर में यात्री सुविधाओं को लेकर फिर सक्रिय हो गया है। दशहरा का त्योहार नजदीक है। ऐसे में महराजगंज डिपो ने यात्री सुविधाओं पर फोकस किया है। ताकि रोडवेज यात्रियों को समय से बस मिल सके। महराजगंज डिपो के एआरएम ने यात्री सविधाओं को लेकर व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है। एआरएम के व्हाट्सएप नंबर पर रोडवेज यात्री किसी प्रकार की दिक्कत होने पर मैसेज कर सकते हैं।
नगर के बस अड्डे से गोरखपुर, निचचौल, ठूठीबारी आदि के लिए रोडवेज बसों से आने-जाने का सिलसिला दिनभर बना रहता है। लेकिन कभी-कभार समय से बस नहीं मिलने पर यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। यात्रियों को मजबूर होकर प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। विकट स्थिति में रोडवेज विभाग के जिम्मेदार भी बस अड्डे पर बस नहीं रहने पर यात्री समस्याओं को लेकर पल्ला झाड़ लेते हैं। ऐसे में परिवहन निगम ने टोल फ्री नंबर 18001802877 जारी किया है। पर शिकायत करने पर त्वरित गति से यात्रियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। एआरएम नंद किशोर चौधरी ने बताया कि त्योहार में दिक्कत होने पर रोडवेज यात्री सीधे मुझे फोन कर सकते हैं।
रोडवेज यात्री इस नंबर पर देंगे सूचना
एआरएम नंद किशोर चौधरी ने यात्री समस्याओं को लेकर मोबाइल नंबर जारी किया है। रोडवेज यात्री किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर 9415049733 पर फोन कर सकते हैं। वहीं इस नंबर पर यात्रियों द्वारा व्हाट्सएप भी किया जा सकता है। यात्रियों की समस्याओं के जानने के बाद डिपो द्वारा त्वरित गति से समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
परिवहन निगम के स्तर से यात्रियों की समस्याओं के समाधान का हर स्तर से प्रयास किया जा रहा है। आगामी त्योहार में दिक्कत होने पर परिवहन निगम के टोल फ्री नंबर या मेरे व्यक्तिगत नंबर पर व्हाट्सएप किया जा सकता है। अनुबंधित बसों का सहारा लेकर यात्रियों को उनके गंतव्य तक जरूर पहुंचाया जाएगा।
नंद किशोर चौधरी- एआरएम