Maharajganj News: मानदेय के लिए समूह सखियों ने भरी हुंकार, मांगा 20 हजार
Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर स्वयं सहायता समूह की समूह

Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर स्वयं सहायता समूह की समूह सखियों ने आवाज बुलंद की है। बुधवार को विकास भवन पर पहुंची समूह सखियों ने 20 हजार रुपये मानदेय कराने समेत पांच सूत्रीय मांग को लेकर हुंकार भरी। कहा कि मात्र दो हजार रुपये से घर-परिवार नहीं चल पा रहा है। इतना मानदेय तो मोबाइल रिचार्ज और आने-जाने में खर्च हो जा रहा है। कर्ज लेकर काम चलाना पड़ रहा है।
समूह सखियों का नारा
समूह सखियों ने अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है, समूह सखी एकता जिंदाबाद, हम अपना अधिकार मांगते-नहीं किसी से भीख मांगते, हमारी मांगे पूरी हो चाहे जो मजबूरी हो... आदि नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद समूह सखियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीएम को दिया। मांग पत्र में मानदेय 20 हजार रुपये किए जाने, स्मार्ट फोन दिए जाने, समय से मानदेय दिए जाने, 10 लाख का बीमा कराने, नियुक्ति को स्थायी किए जाने को शामिल किया है।
समूह सखियों की समस्याएँ
इस दौरान कहा कि समूह सखी को केवल दो हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इससे भरण-पोषण नहीं हो पा रहा है। समूह सखी को समूह बनाने, रोजगार के लिए प्रेरित करने समेत अनेक कार्यों के लिए दिन रात काम करना पड़ता है। सभी काम ऑनलाइन हो गए हैं, लेकिन मोबाइल भी नहीं दिया गया है। फाइव जी मोबाइल की जरूरत है, लेकिन विभाग द्वारा नहीं दिया जा रहा है। इससे काम प्रभावित हो रहा है। संसाधन भी पूरा नहीं है और मानदेय भी कम है। काम प्रभावित होने पर बाहर निकालने की धमकी भी दी जा रही है। इस दौरान रम्भा, रम्भावती, अन्नू, अनीता, शांति, मीना, आशिया खातून, कंचन लता, संध्या, जननी सहित बड़ी संख्या में समूह सखी मौजूद रहीं।

