महराजगंज में रोजगार सेवकों ने सड़क पर उतरकर किया भिक्षाटन

Mar 03, 2026 02:34 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share Share
Follow Us on

Maharajganj News - महराजगंज में रोजगार सेवकों ने होली पर्व से पहले लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। रोजगार सेवक संघ के बैनर तले, उन्होंने भिक्षाटन कर सरकार का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास किया। पिछले आठ माह से मानदेय न मिलने से 695 परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।

महराजगंज में रोजगार सेवकों ने सड़क पर उतरकर किया भिक्षाटन

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम होली पर्व से ठीक पहले लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को रोजगार सेवकों का आक्रोश फूट पड़ा। सदर ब्लॉक परिसर में रोजगार सेवक संघ के बैनर तले जुटे रोजगार सेवकों ने भिक्षाटन कर अनोखे ढंग से विरोध दर्ज कराया। जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में दर्जनों रोजगार सेवक हाथों में मिट्टी का कटोरा लेकर पहले ब्लॉक परिसर में बैठे। फिर सदर ब्लॉक से सक्सेना चौराहे तक पैदल मार्च करते हुए भिक्षा मांगी। जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने कहा कि पिछले आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने से जिले के 695 रोजगार सेवकों के परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहार के इस मौसम में जहां हर घर में होली की तैयारियां चल रही हैं, वहीं रोजगार सेवकों के घरों में बुनियादी जरूरतें पूरी करना भी कठिन हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, दवा व घरेलू खर्च प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार ब्लॉक व जिलास्तर पर ज्ञापन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। भिक्षाटन कार्यक्रम सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के उद्देश्य से किया गया है। रोजगार सेवकों ने घोषणा की कि भिक्षा में प्राप्त पूरी धनराशि मुख्यमंत्री राज्य कोष में जमा की जाएगी, जिससे सरकार संसाधनों की कमी का हवाला नहीं दे सके। इस दौरान राजेश तिवारी, रवींद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता, अनिरुद्ध पटेल, प्रमोद विश्वकर्मा, धर्मेंद्र, सर्वेश, बाबूराम यादव, चिल्लू प्रसाद, कमलेश यादव, ओमप्रकाश सहित आदि रोजगार सेवक उपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।