
सड़क के बीच खड़े बिजली पोल बने जानलेवा, वार्डवासियों ने रोका निर्माण
Maharajganj News - महराजगंज के सिविल लाइन वार्ड में डूडा द्वारा नाली और सीसी सड़क निर्माण के दौरान बिजली पोल के खड़े रहने पर वार्डवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने कार्य रुकवा दिया और कहा कि जब तक पोल हटाए नहीं जाएंगे, काम आगे नहीं बढ़ेगा। डूडा और विद्युत विभाग के बीच समन्वय की कमी से समस्या बनी है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। महराजगंज नगर पालिका क्षेत्र के सिविल लाइन वार्ड में डूडा से कराए जा रहे नाली व सीसी सड़क निर्माण के दौरान सड़क के बीचोबीच खड़े बिजली पोलों को लेकर मंगलवार को वार्डवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। सभासद सदरे आलम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को रुकवा दिया। लोगों ने साफ कहा कि जब तक सड़क के बीच खड़े बिजली पोल नहीं हटाए जाएंगे, तब तक निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। वार्डवासियों का आरोप है कि डूडा, नगर पालिका व विद्युत विभाग के बीच आपसी समन्वय के अभाव में यह गंभीर समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया, इसके बावजूद किसी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया। सिविल लाइन वार्ड स्थित राम जानकी मंदिर के पास लगभग 32.50 लाख रुपये की लागत से नाली व सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निर्माणाधीन सड़क के ठीक बीच में तीन बिजली पोल खड़े हैं। इन्हें हटाए बिना सड़क का निर्माण कराना लोगों की जान से खिलवाड़ है। वार्डवासियों निवासियों का कहना है कि सड़क के बीच खड़े बिजली पोल दोपहिया व चारपहिया वाहनों के साथ-साथ पैदल राहगीरों के लिए भी बेहद खतरनाक हैं। रात के समय अंधेरा होने पर दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। मंगलवार सुबह जैसे ही निर्माण कार्य शुरू होने की तैयारी हुई, लोगों ने विरोध करते हुए काम रुकवा दिया और पोल शिफ्टिंग की मांग दोहराई। सभासद सदरे आलम ने कहा कि वार्ड में वर्षों से सड़क की मांग की जा रही थी। डूडा से स्वीकृति मिलने के बाद काम शुरू हुआ, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते कार्य अधर में लटक गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र बिजली पोल नहीं हटाए गए तो वार्डवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं वार्डवासी कृष्ण बिहारी लाल श्रीवास्तव, डॉ. एलबी प्रसाद, बृजेश कुमार, अम्बिश त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में डूडा द्वारा कराए जा रहे अधिकांश निर्माण कार्यों में बिजली पोल नाली या सड़क के बीच खड़े हैं। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारी व जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डूडा अधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय ने बताया कि सड़क के बीच बिजली पोल होने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। निरीक्षण के दौरान नाली की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर ठेकेदार को चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है, मै खुद मौके पर जाकर जांच करूँगा और विद्युत विभाग से समन्वय कर जल्द समाधान कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




