Maharajganj News: नौतनवा पीएचसी के पुनर्निर्माण की राह साफ, कार्यदायी संस्था नामित
Maharajganj News: महराजगंज के नौतनवा नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के 60 वर्ष पुराने जर्जर भवन का पुनर्निर्माण शुरू हुआ है। शासन ने यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था के रूप में नियुक्त किया है। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भवन के पुनर्निर्माण के लिए प्रशासनिक पहल की थी।

Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता। भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवा नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व आवासीय परिसर के दिन अब बदलने वाले हैं। करीब 60 वर्ष पुराने जर्जर भवन को निष्प्रयोज्य घोषित कर इसके पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शासन के चिकित्सा अनुभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में पीएचसी नौतनवा के पुनर्निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था नामित किया है।
शासन के निर्देश
शासन के संयुक्त सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को पत्र भेजकर प्राथमिकता के आधार पर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शासन के इस निर्णय के बाद अब पुनर्निर्माण से जुड़ी अगली प्रक्रिया कार्यदायी संस्था के स्तर से आगे बढ़ेगी।
विधायक की पहल से आगे बढ़ी प्रक्रिया
नौतनवा पीएचसी का भवन करीब 60 वर्ष पुराना होने के कारण जर्जर अवस्था में पहुंच गया था। विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भवन के पुनर्निर्माण को लेकर शासन स्तर पर पहल की थी। विधायक की पहल पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित कर 4 जुलाई को भवन का निरीक्षण कराया था। जांच समिति की रिपोर्ट में भवन के जर्जर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जिलाधिकारी ने शासन को प्रस्ताव भेजकर भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करने व नए भवन के निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया था। अब शासन ने पुनर्निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था नामित कर दी है।
बोले विधायक
नौतनवा पीएचसी का भवन काफी पुराना व जर्जर हो चुका था। इसके चलते मरीजों व स्वास्थ्य कर्मियों को असुविधा हो रही थी। पीएचसी के पुनर्निर्माण के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किया गया। कार्यदायी संस्था नामित होने से आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए अस्पताल भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
- ऋषि त्रिपाठी-विधायक नौतनवा


