Maharajganj News: आधार में एक गलती सुधार कराने में लगाने पड़ रहे चक्कर, डाकघरों में भीड़
Maharajganj News: लोगों को आधार कार्ड में मोबाइल नंबर या नाम-पता की छोटी सी गलती सुधारने के लिए डाकघरों के कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सर्वर धीमा होने अथवा नेटवर्क की समस्या के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन कई बार बिना काम के वापस लौटना पड़ रहा है।
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। आधार कार्ड में सिर्फ मोबाइल नंबर बदलना हो या नाम-पता में छोटी सी गलती सुधारनी हो, इसके लिए इन दिनों लोगों को डाकघरों के कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। आधार संशोधन केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की कतार लग रही है। काम कराने की उम्मीद में दूर-दराज गांवों से पहुंचे लोग घंटों इंतजार करते हैं, लेकिन सर्वर धीमा होने या नेटवर्क की समस्या आने पर कई बार उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की परेशानी सबसे अधिक है। कई लोग 20 से 50 किलोमीटर तक का सफर तय कर डाकघर पहुंचते हैं। यहां निर्धारित संख्या में आवेदन लिए जाने या तकनीकी समस्या के कारण काम नहीं होने पर उन्हें दोबारा आने की मजबूरी होती है। इससे किराया और समय दोनों खर्च हो रहे हैं。
सुबह की कतार, फिर इंतजार और कभी-कभी खाली हाथ वापसी
आधार संशोधन कराने के लिए लोग डाकघर खुलने से पहले ही पहुंचने लगे हैं। नंबर लगाने के बाद घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। इस बीच सर्वर या नेटवर्क ने साथ नहीं दिया तो पूरी कवायद बेकार हो जाती है। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को होती है, जो दूर गांवों से केवल आधार में एक छोटा सा बदलाव कराने के लिए आते हैं। आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराने वालों की संख्या भी लगातार अधिक दिखाई दे रही है।
प्रधान डाकघर के निरीक्षक का बयान
प्रधान डाकघर के निरीक्षक बसंत कुमार ने बताया कि प्रधान डाकघर में आधार संबंधी कार्य के लिए लोगों की भारी भीड़ लग रही है। आधार केंद्र संचालक को त्वरित गति से काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों की भीड़ को कुछ कम किया जा सके।


