महराजगंज में गोवंशों के कंकाल लेकर मुख्य चौराहा जाम कर दिया धरना, यातायात बाधित
Maharajganj News - महराजगंज में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल ने गो सदनों की बदहाली को लेकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गोवंश के कंकालों के साथ सड़क जाम कर धरना दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर गोशालाओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने गो सदनों की बदहाली की आवाज उठाते हुए मंगलवार को नगर के मुख्य चौराहा पर गोवंश के कंकालों के साथ यातायात जाम कर धरना शुरू कर दिया। हिन्दूवादी संगठनों का कहना है कि बदहाली व अव्यवस्था से गो सदन के गोवंश मर रहे हैं। कंकाल के साथ प्रदर्शन से हड़कंप मच गया। एडिशनल एसपी के आश्वासन के बाद जाम व धरना समाप्त हुआ। विहिप और बजरंग दल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर गो सदनों की जांच कराने और गोवंशों की मौत पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के संयोजक हरिशंकर प्रताप कुशवाहा, राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष विशाल पुष्कर, जिला सह संयोजक राहुल पासवान, प्रांत सुरक्षा प्रमुख विवेक श्रीवास्तव कार्यकर्ताओं के साथ सदर क्षेत्र के हड़हवा व चेहरी गोशाला का निरीक्षण किया। वहां की बदहाली व मृत गोवंश के बिखरे अवशेष को देख आक्रोशित हो गए। कंकाल को एकत्र कर उसे साथ लेकर शाम सवा चार बजे नगर के मुख्य चौराहा पर पहुंचे। वहां तिरपाल बिछाकर उस पर कंकाल रख धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए। इससे आवागमन प्रभावित हुआ। नगर पुलिस चौकी के समीप मुख्य चौराहा पर गोवंश कंकाल के साथ धरना-प्रदर्शन व सड़क जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। एएसपी सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों से बात की। प्रदर्शनकाारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एएसपी को दिया। इसके बाद साढ़े पांच बजे के करीब धरना समाप्त हुआ। सीएम को भेजे ज्ञापन में जिलाध्यक्ष विशाल पुष्कर ने आरोप लगाया कि गोशालाओं में चारा, पानी व चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। इससे गोवंशीय पशुओं की मौत हो रही है। सभी गोशालाओं की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इस मौके पर शिवा पटेल, राजकुमार राय, राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


