Hindi NewsUttar-pradesh NewsMaharajganj NewsPreparations for Makar Sankranti Kichdi Fair in Chauk Market Comprehensive Security Measures Inspected
खिचड़ी मेले की तैयारियां अंतिम दौर में, एसपी ने लिया जायजा

खिचड़ी मेले की तैयारियां अंतिम दौर में, एसपी ने लिया जायजा

संक्षेप:

Maharajganj News - नगर पंचायत चौक में मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी मेले की तैयारियों का प्रशासन ने निरीक्षण किया। एसपी सोमेन्द्र मीना ने सुरक्षा, यातायात और सजावट का जायजा लिया। मेले में सीसीटीवी और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

Jan 13, 2026 01:36 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share Share
Follow Us on

चौक बाजार, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के अवसर पर आयोजित होने वाले प्रसिद्ध खिचड़ी मेले की तैयारियों को लेकर सोमवार को प्रशासन ने सघन निरीक्षण किया। एसपी सोमेन्द्र मीना एवं मेला प्रभारी सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार ने भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात, सजावट और सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने मेला क्षेत्र में संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए भीड़ नियंत्रण की विस्तृत योजना पर जोर दिया। उन्होंने मेला परिसर में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों की प्रस्तावित जगहों का निरीक्षण कर उन्हें रणनीतिक रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मेला प्रभारी सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार ने मेला परिसर की साज-सज्जा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार को फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित करने के निर्देश दिए। साथ ही गुरुगोरक्षनाथ मंदिर से उत्तर दिशा में स्थित भोलेनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए मार्ग को चौड़ा कराने को कहा, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान झूलों में रोशनी के लिए लगाए गए बल्ब और एलईडी लाइटों को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए झूला क्षेत्र में एक दुकान पर रखा गया गैस सिलेंडर तत्काल हटवाया गया। इसके अतिरिक्त पश्चिम दिशा में स्थित दूसरे प्रवेश द्वार को भी समतल और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर तहसीलदार पंकज शाही, नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, ईओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश झा, संतोष पाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। ड्रोन से होगी निगहबानी मंदिर परिसर के भीतर 35 और परिसर के बाहर 65 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी लगातार निगरानी पुलिस कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके साथ ही दो ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थलों और आवागमन मार्गों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है। भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए मंदिर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर आठ स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से वाहनों को दूर रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है। बड़ी गाड़ियों को झांझनपुर चौराहे से थाना सिंदुरिया होते हुए निचलौल की ओर भेजा जा रहा है, जिससे नगर क्षेत्र में जाम की स्थिति न बने।