
संतों को सम्मान देना शासन व प्रशासन की जिम्मेदारी : तोगड़िया
Maharajganj News - महराजगंज में राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने संतों के सम्मान की आवश्यकता और प्रशासन की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा केंद्रों के माध्यम से समाजसेवा के कार्यों का विस्तार किया जाएगा। इसके साथ ही, हेल्पलाइन द्वारा गरीबों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने की योजना बनाई गई है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने प्रयागराज त्रिवेणी संगम में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई घटना पर प्रतिक्रया व्यक्त की। कहा कि संतों को सम्मान देना शासन व प्रशासन की जिम्मेदारी है। संगम में स्नान के लिए आने वाले संतों व गृहस्थों को श्रद्धापूर्वक स्नान कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए शंकराचार्य और योगी आदित्यनाथ दोनों आदरणीय हैं। सनातन परंपरा में संत और राष्ट्रसेवा करने वाले नेतृत्व, दोनों का अपना-अपना महत्वपूर्ण स्थान है। चौक बाजार में शनिवार को राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी, ओजस्विनी राष्ट्रीय छात्र परिषद समेत हिन्दू संगठनों की बैठक में शामिल होने आए प्रवीण भाई ने उम्मीद जताई कि शीघ्र मामला सुलसा लिया जाएगा।
कहा कि आस्था के केंद्रों पर संत समाज का सम्मान हिंदू समाज की प्रतिष्ठा से जुड़ा विषय है। जिले में समाजसेवा के विस्तार की योजनाओं की जानकारी देते हुए प्रवीण भाई तोगड़िया ने बताया कि महराजगंज में हनुमान चालीसा केंद्रों के माध्यम से सेवा कार्यों को नई दिशा दी जाएगी। वर्तमान में जिले के 100 से अधिक स्थानों पर नियमित हनुमान चालीसा पाठ चल रहा है, जबकि अब 500 स्थानों पर केंद्र खोलने का संकल्प लिया गया है। ये केंद्र गांव और शहर दोनों क्षेत्रों में संचालित होंगे। बड़े गांवों में एक ही गांव के भीतर चार-पांच स्थानों पर केंद्र स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि हनुमान चालीसा केंद्र केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इन्हें समाजसेवा के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां हिंदुओं के लिए हेल्पलाइन की भूमिका निभाई जाएगी। इंडिया हेल्पलाइन के माध्यम से ब्लड प्रेशर व शुगर की मुफ्त जांच, रोगों से बचाव की ट्रेनिंग और जरूरतमंद गरीबों को गोरखपुर के निजी चिकित्सकों की निःशुल्क सेवा दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय छात्र परिषद सस्ती व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कार्य कर रही है। कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में राष्ट्रीय बजरंग दल काम में जुटा है। जबकि किसानों को उचित मूल्य दिलाने को अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला परिषद ओजस्विनी के माध्यम से बहन-बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संगठन सनातन संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जनसंपर्क बढ़ाकर संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करें। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




