होली बीतते ही काम पर लौटे लोग, बस व रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़

Mar 06, 2026 12:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share

Maharajganj News - महराजगंज में होली के बाद बस स्टेशनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। कामकाजी लोग अपने कार्यस्थलों की ओर लौटने लगे हैं। कई लोग बैग के साथ बसों और ट्रेनों का इंतजार कर रहे हैं। कार्यस्थलों पर लौटने की जल्दी ने यात्रियों को व्यस्त कर दिया है।

होली बीतते ही काम पर लौटे लोग, बस व रेलवे स्टेशनों पर उमड़ी भीड़
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। होली का पर्व बीतते ही जिले के बस स्टेशनों व रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। त्योहार मनाने के लिए गांव आए कामकाजी लोग अब परिवार को छोड़कर फिर अपने-अपने कार्यस्थलों के लिए रवाना होते नजर आए। बस अड्डों से लेकर रेलवे प्लेटफॉर्म तक दिन भर यात्रियों की आवाजाही बनी रही। जिला मुख्यालय स्थित बस स्टेशन पर सुबह से ही बाहर जाने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। कई लोग बैग व जरूरी सामान के साथ बसों का इंतजार करते दिखाई दिए। धनेवा निवासी रामसंवारे ने बताया कि वह दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। होली मनाने के लिए एक सप्ताह की छुट्टी लेकर घर आए थे, लेकिन अब छुट्टी खत्म हो गई है। शाम को गोरखपुर से ट्रेन पकड़कर उन्हें वापस दिल्ली जाना है। चौक क्षेत्र के सुनील, देवेश भारती, राजकिशोर व सुरेंद्र ने बताया कि होली का त्योहार समाप्त होते ही कामकाज फिर तेज हो जाता है। इन दिनों लगन का भी समय चल रहा है, जिससे काम की मांग बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि वे मुंबई में मजदूरी करते हैं और गुरुवार की शाम ट्रेन से वहां के लिए रवाना होंगे।

आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर होली के बाद काम पर लौटने वाले कामगारों की भीड़ देखने को मिली। ग्राम जगदीशपुर निवासी बैजनाथ ने बताया कि उन्हें पुणे जाना है। मालिक ने ज्यादा छुट्टी नहीं दी, इसलिए परिवार को छोड़कर वापस काम पर लौटना पड़ रहा है। जंगल गुलहरिया निवासी रामनाथ ने बताया कि उन्हें सिर्फ तीन दिन की छुट्टी मिली थी, इसलिए समय पर लौटना जरूरी है। वहीं दुर्गापुर के महेश कुमार व घोठवा के गोरखनाथ ने बताया कि वे गोरखपुर में काम करते हैं और छुट्टी खत्म होने के कारण फिर काम पर लौट रहे हैं।

नौतनवा चौक-चौराहों और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की खासी भीड़ देखी गई। इंटरसिटी एक्सप्रेस के गोरखपुर के लिए रवाना होने के बाद कई यात्रियों को बसों का सहारा लेना पड़ा। इसके चलते कुछ लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन बावजूद इसके लोग किसी न किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते रहे।

घुघली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ देखी गई। लोग अपने-अपने काम पर लौटने के लिए ट्रेनों का इंतजार करते नजर आए। त्योहार के बाद स्टेशन पर काफी चहल-पहल रही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।