9.53 लाख गबन के मामले में डाक सहायक पर केस
Maharajganj News - महराजगंज में बृजमनगंज उप डाकघर के पूर्व डाक सहायक मनोज कुमार विश्वकर्मा पर सरकारी धन के गबन का आरोप लगा है। 2019 से 2022 के दौरान उन्होंने 9 लाख 53 हजार 644 रुपये की राशि ठगी। विभागीय जांच में दोषी...

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। बृजमनगंज उप डाकघर में वर्ष 2019 से 2022 तक तैनात डाक सहायक मनोज कुमार विश्वकर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके खिलाफ बृजमनगंज उप डाकघर में तैनाती के दौरान गबन का आरोप है। डाक जीवन बीमा व ग्रामीण डाक जीवन बीमा पालिसियों के प्रीमियम को बीमा धारकों से प्राप्त कर विभागीय सॉफ्टवेयर पर जमा किया गया, परंतु उक्त बीमा पालिसियों को जमा करने से प्राप्त धनराशि 9 लाख 53 हजार छह सौ 44 रुपये को सरकारी लेखा में न लेकर उस धन का गबन किया गया। अब इस मामले में केस दर्ज हुआ है। बताया जाता है कि मामला खुलने पर इस मामले की विभागीय जांच कराई गई।
इसमें तत्कालीन डाक सहायक मनोज कुमार विश्वकर्मा को दोषी पाया गया है। सरकारी धन के गबन में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें 30 मई को निलंबित कर दिया गया था। वर्तमान में वह उप डाक घर आनंदनगर में डाक सहायक के रूप में तैनात हैं। इस मामले में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि निरीक्षक डाकघर उप मंडल अनूप चौधरी निवासी बेलहिया पोस्ट मानिकापुर की तहरीर पर बृजमनगंज के तत्कालीन डाक सहायक मनोज कुमार विश्वकर्मा के विरुद्ध विश्वास में लेकर नौ लाख 53 हजार छह सौ 44 रुपये सरकारी धन के हड़पने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




