घर से स्कूल के लिए निकलीं तीन छात्राएं पहुंची हरियाणा, 72 घंटे में रेवाड़ी से ढूंढ निकाली पुलिस
Maharajganj News - महराजगंज में चौक थाना क्षेत्र की तीन लापता छात्राओं को हरियाणा के रेवाड़ी जंक्शन से सुरक्षित बरामद किया गया है। छात्राएं 14 फरवरी को स्कूल जाने के लिए निकली थीं लेकिन घर नहीं लौटीं। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उन्हें 15 फरवरी को हरियाणा से खोज निकाला।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक थाना क्षेत्र में घर से स्कूल जाने के लिए निकलीं तीन लापता छात्राओं को पुलिस ने हरियाणा के रेवाड़ी जंक्शन से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस तीनों छात्राओं को लेकर जिले में वापस आ चुकी हैं। काउंसलिंग के बाद तीनों छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर में भेज दिया गया है। चौक नगर पंचायत क्षेत्र की एक 13 वर्षीय छात्रा व पास के ही गांव की दो सगी बहनें बीते 14 फरवरी को स्कूल के लिए निकली थीं। शाम 4 बजे तक जब वे घर नहीं लौटीं। इससे चिंतित परिजनों ने स्कूल में संपर्क किया। स्कूल से यह जानकारी मिली कि तीनों छात्राएं उस दिन विद्यालय आई ही नहीं थीं।
इसके बाद परिजन चौक थाने पर पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर चौक पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। तीनों नाबालिग छात्राओं की बरामदगी के लिए एसपी सोमेंद्र मीना ने टीमो का गठन किया। दोनों सगी बहनों की मां का निधन हो चुका है। सर्विलांस व खुफिया सूचना पर हरियाणा पहुंची पुलिस सर्विलांस व खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस को सुराग मिला कि छात्राएं हरियाणा की ओर गई हैं। इस पर 15 फरवरी को पुलिस टीम हरियाणा पहुंची। रेवाड़ी जंक्शन पर तीनों छात्राओं को पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाला। 17 फरवरी को एसआई चंद्र प्रकाश झा, कांस्टेबल बृजेश यादव व महिला कांस्टेबल मनसा की टीम छात्राओं को लेकर वापस पहुंची। थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम भेजी गई थी। छात्राओं की काउंसलिंग कराई गई है। उन्हें वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है। विधिक कार्रवाई जारी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




