लखनऊ की फर्म की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस, नेपाल कनेक्शन पर भी नजर

हिन्दुस्तान, महाराजगंज
Follow us on Google News
share

महराजगंज में नीट पीजी में दाखिले के नाम पर एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से 55 लाख रुपये ठगे गए। आरोपियों ने डॉक्टर को काठमांडू नेपाल के मेडिकल कॉलेज में दाखिले का झांसा दिया और पैसे लेने के बाद धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों के वित्तीय लेनदेन और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ की फर्म की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस, नेपाल कनेक्शन पर भी नजर

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नीट पीजी में दाखिले के नाम पर शहर के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से 55 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आरोपियों के वित्तीय लेनदेन पर साक्ष्य एकत्र करने के लिए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने यह पता लगाने की कोशिश करना शुरू कर दी है कि जिस फर्म में धनराशि भेजी गई है, वह फर्म कैसी है? आरोपितों का नेपाल कनेक्शन क्या है? पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर भी खंगालने में जुटी है। जिससे उनके पिछले संपर्कों व लोकेशन का पता चल सके। शहर के एक निजी अस्पताल के डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने नीट पीजी की परीक्षा दी थी।

आरोप है कि इसी दौरान उनकी मुलाकात विक्की त्रिपाठी व विनोद धीमन से हुई थी। इन दोनों ने खुद को लखनऊ गोमतीनगर की एक फर्म का संचालक बताते हुए झांसा दिया कि वे काठमांडू नेपाल के एक मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर का दाखिला करा देंगे। इसके बदले आरोपियों ने 55 लाख रुपये ऐंठे। पैसे लेने के बाद जब दाखिला नहीं हुआ। डॉक्टर ने धनराशि वापस मांगी, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। अब कोतवाली पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।दो साल पहले ही डॉक्टर को जालसाजी का बनाया था शिकारतहरीर के मुताबिक काठमांडू नेपाल के मेडिकल कॉलेज में नीट पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) में दाखिला कराने के लिए बातचीत के बाद आरोपितों से आठ बार में लाखों रुपया ऐंठा था। डॉक्टर ने 29 दिसंबर 2023 को 12.6 लाख रूपया नगद आरोपितों को दिया था। इसके बाद सात बार चार जनवरी 2024 से लेकर 19 अप्रैल 2024 के बीच में दिया था। दाखिला नहीं कराने पर रुपया वापस मांगने पर आरोपितों ने धमकी दी थी। इसके बाद डॉक्टर ने कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराया। इस मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपों की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे। उसके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।