2027 में फिर प्रचंड बहुमत से बनेगी सरकार : पंकज चौधरी
Maharajganj News - भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का महराजगंज में जोरदार स्वागत हुआ। त्रिमुहानी पुल पर कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं और ढोल-नगाड़ों से उनका स्वागत किया। चौधरी ने कहा कि 2027 में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए उन्होंने संगठन की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी का दूसरे दिन बुधवार को भी जिले में जोरदार स्वागत हुआ। महराजगंज मुख्यालय से फरेंदा के लिए निकले प्रदेश अध्यक्ष का त्रिमुहानी पुल से ही जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से लादकर स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आभार जताया। कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही 2027 में फिर प्रदेश में भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत से बनेगी। फरेंदा विधान सभा में प्रथम आगमन पर उनका स्वागत जोरदार तरीके से किया गया। प्रदेश अध्यक्ष जैसे ही त्रिमुहानी पुल पर पहुंचे, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक चौधरी शिवेन्द्र सिंह, नगर पंचायत प्रतिनिधि फरेन्दा राजेश जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष बृजमनगंज राकेश जायसवाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।
खजुरिया, महादेवा, सोनबरसा, करहिया, फरेन्दा बाईपास चौराहों पर भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आनंदनगर के आंबेडकर चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सभा में सबसे पहले मौजूद कार्यकताओं और लोगों का आभार जताया। कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसको पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश में मोदी जी और योगी जी नेतृत्व में प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, प्रमोद तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




