भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कतरारी सीमा पर जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का महराजगंज आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं और संगठन को और मजबूत बनाएं।
महराजगज, निज संवाददाता। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर रविवार को कतरारी सीमा पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखा। इसके बाद महराजगंज पहुंचने तक जगह-जगह प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया। रविवार की शाम पंकज चौधरी का काफिला जिले की सीमा में पहुंचा तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं के स्नेह से अभीभूत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि महराजगंज की धरती से उन्हें हमेशा अपार स्नेह और ऊर्जा मिलती रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के बल पर ही पार्टी ने आज देश और प्रदेश में विकास का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम करें, ताकि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे।प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो हर परिस्थिति में पार्टी के सिद्धांतों और नीतियों के साथ खड़े रहते हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी, बबलू यादव, विवेक गुप्ता, राजेंद्र पटेल, आनंद शंकर वर्मा, उमेश गुप्ता, मानवेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, निर्भय सिंह, विवेक पटेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


