
ठंड में दनादन फुंक रहे ट्रांसफार्मर, दिसंबर में जले 40 ट्रांसफॉर्मर
Maharajganj News - महराजगंज में ठंड के कारण बिजली खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गए हैं। दिसंबर में 40 ट्रांसफार्मर जल गए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर दिन ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं से लोग गुस्से में हैं और धरना-प्रदर्शन की योजना बना रहे हैं।
महराजगंज, निज संवाददाता। गलन के साथ ही बिजली खपत बढ़ गई है। इससे अधिकांश ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गए हैं। ओवरलोड के चलते हर रोज ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं। हालत ये हो गई है कि दिसंबर में 40 ट्रांसफार्मर जल गए। हालांकि अधिकांश जले ट्रांसफार्मरों को समय से बदल दिए गए। लेकिन हर रोज जल रहे ट्रांसफार्मर से उपभोक्ताओं की सांसत हो गई है। जिले में चार लाख 91 हजार 468 बिजली उपभोक्ता हैं। इन उपभोक्ताओं के घर व दुकान रोशन करने के लिए करीब दस हजार ट्रांसफार्मर लगे हैं। इधर करीब 35 दिन से गलन बढ़ते ही बिजली खपत बढ़ गई है।
अधिकांश उपभोक्ता कनेक्शन क्षमता से अधिक बिजली खपत कर रहे हैं। क्षमता से अधिक बिजली खपत होने से अधिकांश ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गए हैं। ओवरलोड के चलते हर रोज ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। दिसंबर में 20 दिन के अंदर 40 गांवाकें के ट्रांसफार्मर फुंक गए। ट्रांसफार्मर जलने से गांवों की बिजली गुल हो गई। शिकायत पर विभाग ने निर्धारित समय के अंदर जले ट्रांसफार्मर को बदल दिया। लेकिन हर रोज जल रहे ट्रांसफार्मर से उपभोक्ताओं में गुस्सा है। उपभोक्ता रामदवन ने बताया कि ठंड के साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या हो गई। दो दिन बाद ट्रांसफार्मर ही जल गया। ट्रांसफार्मर बदलने में दो दिन लग गया। ठंड में दो दिन बिजली नही रहने पर गांव के लोगों की सांसत हो गई। रामप्रकाश ने बताया कि गांव के हर दिन चार घंटे कम बिजली मिलती है। उसके बाद लो-वोल्टेज की मार झेलना पड़ता है। ओवरलोड के चलते हर माह ट्रांसफार्मर जल रहा है। शिकायत के बाद भी जिम्मेदार ट्रांसफार्मर की क्षमतावृद्धि नही कर रहे हैं। इस बार ट्रांसफार्मर जलने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ------------------- अप्रैल से दिसंबर तक जल गए 1140 ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते हर माह 126 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। अप्रैल से लेकर दिसंबर तक 1140 ट्रांसफार्मर जले हैं। इससे विशेषकर गांवों के उपभोक्ता लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की मार से परेशान हैं। ------------- ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि करने का कार्य जारी है। जले ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय में बदल दिया गया। लेकिन ट्रांसफार्मर जलने से विशेषकर उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही है। बिजली समस्या से निजात पाने के लिए उपभोक्ताओं को कनेक्शन क्षमता से हिसाब से खपत करना चाहिए। इंजी. वाईपी सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल महराजगंज

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




