निचलौल सीएचसी को मिली एक करोड़ की प्रोत्साहन राशि
Maharajganj News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल सीएचसी में मार्च 2024 से मार्च 2025 तक के
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल सीएचसी में मार्च 2024 से मार्च 2025 तक के समय अंतराल में चिकित्सा और पोषण की बेहतर सेवाओं के लिए शासन से एक करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि सीएचसी को मिली है। यह रकम सीएचसी और इसके अंतर्गत ब्लॉक की तीन पीएचसी में संसाधनों और विकास कार्यों पर खर्च किया जाना है। इसके लिए शासन से विशेष सचिव ने डीएम और सीएमओ को पत्र भेजकर आगे की कार्यवाही का निर्देश दिया है। प्रदेश के आकांक्षात्मक ब्लॉकों में विभिन्न पैरामीटर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के कार्यों की समीक्षा शासन से की गई थी। इसमें डेल्टा रैंकिंग के आधार पर चिकित्सा और पोषण सेवाओं में प्रदेश में सीएचसी खेसरहा, सिद्धार्थनगर को प्रथम, सीएचसी निचलौल को द्वितीय और सीएचसी मंझापुर जिला कौशांबी को तीसरा स्थान मिला है।
इन कार्यों पर खर्च होगा एक करोड़ निचलौल सीएचसी को शासन से चिकित्सा और पोषण कार्य में बेहतर प्रदर्शन पर मिले एक करोड़ रुपए से सीएचसी में सभागार कक्ष का सुंदरीकरण होगा, इसमें एलसीडी और एसी लगाया जाएगा। प्रसव कक्ष में सोलर पैनल, कोल्ड चेन का सुंदरीकरण, पीएचसी जहदा में बाउंड्रीवाल, पीएचसी बजही और गड़ौरा के भवन का मरम्मत कराया जाएगा। इसके साथ ही सीएचसी के लिए दो आइस पैड वाला 40 वैक्सीन कैरियर, ग्लूकोमीटर, बीपी मशीन, एचवी कीट की खरीद की जाएगी। स्वास्थ्य उपकेंद्र रुद्रौली, बैठवलिया और बहुआर की मरम्मत, मॉडल टीकाकरण कक्ष का निर्माण किया जाना है। सभी उपकेंद्र पर कूलर और पीने के पानी के लिए आरओ मशीन लगाई जाएगी। इसके अलावा अन्य छोटे छोटे कार्य भी होंगे। विभाग के 10 इंडीकेशन पर सीएचसी की टीम ने बेहतर कार्य किया है। इसमें टीवी मरीजों की अच्छी देखभाल, एएनएम सेंटर जयश्री और रामनगर पर अच्छे टीकाकरण कार्य पर इन्हें इंक्वास अवॉर्ड मिला। गर्भवती महिलाओं की देखरेख और जांच में टीम ने बेहतर कार्य किया। इमरजेंसी सेवा की समीक्षा भी बेहतर मिली। नवजात शिशुओं को एसएनसीयू वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। इन सभी पैरामीटर पर सीएचसी ने अच्छा प्रदर्शन किया। डॉ. उमेश चंद सिंह, सीएचसी अधीक्षक, निचलौल
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




