Maharajganj News: बाढ़ मेन:::गंडक के शांत होने पर अब रोहिन लाल निशान पर पहुंची, राप्ती भी उफान पर
Maharajganj News: बाढ़ रिपोर्ट बारिश के असर से जिले की नदियों के मिजाज में तेजी से बदलाव आ रहा है। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से डिस्चार्ज घटकर 1.19 लाख क्यूसेक पर आने से उ

Maharajganj News: महराजगंज, निज संवाददाता। नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के असर से जिले की नदियों के मिजाज में तेजी से बदलाव आ रहा है। वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से डिस्चार्ज घटकर 1.19 लाख क्यूसेक पर आने से उसका जलस्तर भले ही ढलान पर है, लेकिन रोहिन नदी उफान मारते हुए लाल निशान पर पहुंच गई है। धानी क्षेत्र में राप्ती नदी के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे किनारे बसे गांवों में चिंता बढ़ गई है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
बाढ़ रिपोर्ट
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार शाम चार बजे रोहिन नदी त्रिमुहानी घाट पर अपने खतरे के निशान 82.44 मीटर को छू चुकी है और जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी का ट्रेंड बना हुआ है। भौराबारी घाट पर भी रोहिन का जलस्तर 78.78 मीटर पर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 79 मीटर से महज कुछ ही सेमी दूर है। इसके अलावा धानी क्षेत्र में रिगौली बांध पर राप्ती नदी का जलस्तर सुबह के 79.88 मीटर से बढ़कर शाम को 79.92 मीटर पर पहुंच गया है। यह खतरे के निशान 80.30 मीटर के काफी करीब है।
नौतनवा और सदर तहसील क्षेत्र में अलर्ट
रोहिन के खतरे के निशान पर पहुंचने और राप्ती के बढ़ते रुख को देखते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व डॉ. प्रशांत कुमार ने नौतनवा एवं सदर तहसील प्रशासन को रोहिन नदी के प्रवाह क्षेत्र व संबंधित तटबंधों की निगरानी व नियमित पेट्रोलिंग का आदेश जारी किया है। एडीएम ने सभी संवेदनशील व कमजोर तटबंधों व कटान स्थलों की तत्काल जांच कर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।
राहत उपाय
प्रशासन ने संभावित प्रभावित गांवों में ग्रामीणों से पूर्व-संवाद स्थापित कर सुरक्षा उपायों और सुरक्षित निकासी मार्गों की जानकारी देने को कहा है। ग्राम स्तर पर लेखपाल, राजस्व कर्मी, ग्राम प्रधान और विभागीय कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और तहसील कंट्रोल रूम को देने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में नाव, राहत सामग्री और सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सिंचाई विभाग का दावा है कि जनपद महराजगंज एवं नेपाल सीमा से सटे सभी तटबंध फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित हैं।

