Hindi NewsUttar-pradesh NewsMaharajganj NewsMurder of 19-Year-Old Aditya Chaurasia Sparks Outrage in Maharajganj Demands for Arrest Grow
हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा परिवार, अंतिम संस्कार से इनकार

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा परिवार, अंतिम संस्कार से इनकार

संक्षेप:

Maharajganj News - महराजगंज के फरेंदा थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय आदित्य चौरसिया की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव है। परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया है और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और तीन विशेष टीमों का गठन किया है।

Feb 07, 2026 11:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share Share
Follow Us on
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैकुंठपुर निवासी 19 वर्षीय आदित्य चौरसिया की हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। परिजन व लोग पहले हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए हैं। शुक्रवार को आदित्य का शव गांव के बाहर स्थित एक गेहूं के खेत से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने साफ शब्दों में कहा है कि जब तक इस हत्याकांड में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे आदित्य का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिवार का कहना है कि आदित्य की सुनियोजित तरीके से निर्मम हत्या की गई है और उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस और त्वरित कार्रवाई चाहिए। परिजनों ने यह भी मांग की है कि घटना के समय गायब हुआ आदित्य का मोबाइल फोन और जूता जल्द से जल्द बरामद किया जाए। उनका कहना है कि ये दोनों अहम साक्ष्य हैं, जिनसे हत्या की सच्चाई सामने आ सकती है। जब तक इनकी रिकवरी नहीं होती, परिवार अंतिम संस्कार को तैयार नहीं है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
मनाने में जुटे सीओ

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सीओ फरेंदा अनिरुद्ध कुमार परिजनों से बातचीत कर अंतिम संस्कार करने की बात कर रहे हैं। इसके साथ ही एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच तेज

जांच के क्रम में पुलिस ने डॉग स्क्वायड की टीम को भी लगाया। डॉग स्क्वायड घटनास्थल से सुराग सूंघते हुए लेजार महदेवा के उस घर में घुसा, जिस घर की युवती से आदित्य के संबंध होने की चर्चाएं आम हो गई हैं। इसके बाद पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़े एंगल पर भी जांच तेज कर दी है।

खुलासे के लिए तीन टीम गठित

हत्या के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन विशेष जांच टीमें गठित की हैं। इस दौरान कई संदिग्धों को चिह्नित कर उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले में अहम खुलासे होने की संभावना है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मोबाइल व अन्य साक्ष्यों की बरामदगी कर मामले का खुलासा करने की बात कर रही है।