कोर्ट के आदेश पर पांच के खिलाफ हत्या और लूट का केस
Maharajganj News - महराजगंज में एक व्यक्ति की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक की पुत्री संजना पाल ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उसके पिता की संपत्ति...

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम मिश्रौलिया निवासी एक शख्स की हुई मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या और लूट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक की पुत्री ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर गांव के कुछ लोगों को इसके लिए आरोपित किया था। कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में संजना पाल निवासी ग्राम मिश्रौलिया ने बताया है कि उसके पिता स्व. राघवेंद्र का कोई बेटा नहीं था। केवल दो पुत्रियां हैं। दोनों की शादी लुधियाना पंजाब में उसके पिता ने कर दी थी। दोनों बहनें पिता की देखरेख करने मायके आती रहती थीं।
उसके पिता से गांव के कुछ लोगों से अच्छा संबंध पहले से था। दोनों जब अपने ससुराल चली गईं तब गांव के एक परिवार के लोग आते जाते थे और उसके पिता की संपत्ति पर नजर गड़ाए हुए थे। वे लोग उसके पिता को शराब पिलाकर संपत्ति हड़पने की फिराक में थे। इस बीच उसे 10 अगस्त 2024 को सूचना मिली कि उसके पिता की मौत हो चुकी है। इसके बाद दोनों बहनें ससुराल से निकलीं और अगले दिन अपने मायके पहुंची तो मालूम हुआ कि उसके पिता का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। उसके पिता के घर से सारा सामान गायब मिला। सारा सामान वे लोग उठा ले गए थे। दोनों बहनों को घर में प्रवेश करने से वे लोग मना करने लगे। पुलिस की सहायता से दोनों को अपने घर में शरण मिली। एसओ अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मिश्रौलिया गांव निवासी ब्रह्मा, हरेंद्र, कुशमा उर्फ कुसुम, रामप्रीत और शत्रुघ्न गुप्ता के खिलाफ हत्या और लूट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




