मिशन शक्ति के तहत महिला पुलिस कर्मियों ने निकाली बाइक रैली
Maharajganj News - महराजगंज में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली निकाली गई। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन...
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। मिशन शक्ति 5.0 के तहत नगर चौराहे से महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली निकली। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण का प्रदर्शन हुआ। रैली में 100 से ज्यादा महिला पुलिस कर्मियों ने अनुशासन और जोश के साथ शहर के प्रमुख मार्ग पर भ्रमण किया। रैली दुर्गा मंदिर से शुरू होकर गोरखपुर-महराजगंज मार्ग होते हुए केएमसी हॉस्पिटल होकर पुनः दुर्गा मंदिर पर समाप्त हुई। रैली में विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों का प्रदर्शन भी किया गया। रैली का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
डीएम ने कहा कि रैली का उद्देश्य लोगों से नारी सुरक्षा के लिए सजग रहने, बालिकाओं को शिक्षा देने और घरेलू हिंसा जैसी घटनाओं की रिपोर्ट करने का आह्वान करना है। यह रैली मिशन शक्ति के उद्देश्यों की सार्थकता को जन-जन तक पहुंचाने और महिला सुरक्षा, महिला व महिला सम्मान की गारंटी देने का जिला प्रशासन और पुलिस का सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन और पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता महिला सुरक्षा व सम्मान है। महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस को सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




