Maharajganj News: टेलफॉल नहर में 27 घंटे बाद मिला युवक का शव, मचा कोहराम
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल थानाक्षेत्र के टेलफाल नहर में मछली पकड़ने गए युवक का
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। निचलौल थानाक्षेत्र के टेलफाल नहर में मछली पकड़ने गए युवक का शव 27 घंटे बाद पुलिस, एसएसबी, एसडीआरएफ और मछुआरों की टीम को नहर में मिला है। युवक सोमवार को कुछ लोगों के साथ मछली पकड़ने गया था। इस बीच मगरमच्छ उसे गहरे पानी में खींच ले गया। उसी समय से पुलिस और मछुआरों की टीम उसकी लगातार खोजबीन कर रही थी। पूरी रात खोजने के बाद दोपहर में उसका शव एक किमी आगे नहर में मिला है।
ग्राम गेड़हवा निवासी छांगुर उर्फ छबिलाल (36) सोमवार को टेलफॉल नहर में कुछ लोगों के साथ मछली शिकार करने गया था। इस बीच वह नाव से उतरकर पानी में चला गया। इस दौरान अचानक एक मगरमच्छ ने हमला कर उसे गहरे पानी में खींच ले गया। उसके साथ गए लोगों के आंखों के सामने हुई इस घटना से इन लोगों में चीख पुकार -मच गई और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, युवक के नहर के गहरे पानी में चले जाने के बाद एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।
सोमवार को पूरी रात नहर में तलाश चलती रही, लेकिन छांगुर का कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार को नहर का पानी बंद कराया गया। संयुक्त टीम के साथ गांव के मछुआरों ने नहर में तलाश अभियान जारी रखा। इस दौरान जहां मगरमच्छ उसे खींचा था वहां से तकरीबन एक किलोमीटर आगे गेडहवा नहर पुल के पास छठ घाट पर छांगुर का शव मिला है। मृतक छांगुर अपने भाई झन्नू पड़ोसी उमेश और अन्य लोगों के साथ नाव से टेलफाल नहर में मछली पकड़ने गया था। पानी में पहले से मौजूद मगरमच्छ ने हमला कर दिया और गहरे पानी में खींच ले गया। उसका शव मिलने की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी माया देवी, बेटियां प्रीति (8), सलोनी (6), संगीता (3) और बेटा प्रियांशु (2) का रो रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों की चीज- पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया है। मृत युवक के पीठ और सीने पर चोट के निशान भी मिले हैं। इससे यह चर्चा है कि मगरमच्छ ने हमला कर चोट पहुंचाया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बहुआर चौकी प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि नहर से युवक का शव बरामद कर लिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


