पथरी के ऑपरेशन में गायब हुई किडनी! विदेश से लौटे मरीज ने खोला राज
Maharajganj News - महराजगंज के एक युवक ने 18 एमएम की पथरी का ऑपरेशन कराने के बाद विदेश चला गया। जब तीन साल बाद लौटकर पेटदर्द की शिकायत की, तो पता चला कि उसकी दाहिनी किडनी गायब है। युवक ने जांच और कार्रवाई की मांग की है, आरोप है कि डॉक्टर ने बिना बताए किडनी निकाल दी।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भिटौली थाना क्षेत्र के एक युवक गोरखपुर जिले के एक अस्पताल में 18 एमएम की पथरी का आपरेशन कराने के बाद विदेश चला गया। तीन साल बाद विदेश लौटने के बाद पेटदर्द की शिकायत पर जांच में पता चला कि उसके शरीर से एक किडनी ही गायब है। पीड़ित युवक ने महराजगंज व गोरखपुर के सीएमओ के अलावा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच व कार्रवाई की मांग की है। भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी हफीजुर्रहमान ने बताया कि अक्टूबर 2022 में उसने गोरखपुर जिले के एक हॉस्पिटल में दाहिनी किडनी की पथरी का ऑपरेशन कराया था।
ऑपरेशन के बाद हालात सामान्य बताकर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। रोजी-रोटी की मजबूरी में वह कुवैत चला गया, लेकिन वहां उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही। युवक का आरोप है कि सितंबर 2025 में भारत लौटने पर जब उसने गोरखपुर व महराजगंज के चार अलग-अलग डायग्नोस्टिक सेंटरों में जांच कराया। हर रिपोर्ट में एक ही बात सामने आई कि दाहिनी किडनी मौजूद ही नहीं है। एमआरआई तक में किडनी का कोई निशान नहीं मिला। पीड़ित का आरोप है कि डॉक्टर ने बिना बताए पथरी की जगह पूरी किडनी निकाल दी। इस 10 जनवरी को बड़हलगंज थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने डॉक्टर से पूछताछ भी कराई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित ने महराजगंज व गोरखपुर के सीएमओ से शिकायत कर न्यायिक जांच व कार्रवाई की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


