महराजगंज के चौक क्षेत्र के बसवार गांव में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। कपड़ा धोकर रस्सी पर फैलाने के दौरान एक शख्स करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। कुशीनगर के बनवारी छपरा निवासी मृतक अर्जुन गौड़ बसवार गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां 20 वर्षों से रहकर काम करता था।
अर्जुन सोमवार दोपहर में कुछ काम करने के बाद घर के अंदर आंगन में हैंडपंप पर स्नान करने गया। अपने कपड़े को धोकर रस्सी पर फैलाने गया। वह अभी कपड़ा फैला ही रहा था कि बगल से गुजरे हुए कटे बिजली के तार से उसका शरीर सट गया। करंट की चपेट में आने से उसे जोर का झटका लगा और वह वहीं गिर गया। अर्जुन के गिरने की आवाज को सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच किसी तरह करंट से उसे छुड़ाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गयी थी। गृह स्वामी ने अर्जुन की मौत की सूचना उसके गांव उसकी पत्नी को भेज दी है। मृतक अर्जुन के पीछे उसकी पत्नी सिंधु के अलावे दो बेटे व एक बेटी हैं। उसके घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने से वह मजदूरी कर परिवार का पोषण करता था। एसओ चौक धनवीर सिंह ने बताया कि करंट से मौत का मामला अभी पुलिस की जानकारी में नहीं है।