नेपाल से कद्दू बीज की तस्करी नाकाम, 40 कुंतल से अधिक की बरामदगी
Maharajganj News - भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत, पुलिस और एसएसबी की टीम ने 40 क्विंटल 18 किलोग्राम कद्दू के बीज के साथ एक नेपाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। एक युवक को हिरासत में लिया गया है और सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को रविवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। सीमा स्तंभ संख्या 507 के पास घेराबंदी कर टीम ने नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे 40 क्विंटल 18 किलोग्राम कद्दू (काशीफल) बीज के साथ एक नेपाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। मौके से एक युवक को हिरासत में लेकर सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार देर रात करीब 10:15 बजे ठूठीबारी क्षेत्र में कोतवाली में तैनात एसआई रमेश पुरी, कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी तथा एसएसबी 22वीं बटालियन के जवान संदीप कुमार और सुनील दत्त पटेल संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नेपाल की ओर से भारी मात्रा में कद्दू का बीज भारतीय सीमा में लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 507 के पास घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। तलाशी के दौरान उसमें भरे 40 क्विंटल 18 किलोग्राम कद्दू के बीज बरामद हुए। वाहन पर नेपाली नंबर प्लेट लगा था। पकड़े गए चालक ने अपना नाम अनिल यादव पुत्र अशोक कुमार यादव उर्फ राजू यादव उम्र 21 वर्ष निवासी गोइनी थाना गोबरहिया जिला नवल परासी, नेपाल बताया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत बरामद माल को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ठूठीबारी भेज दिया है। सीमा पर अचानक हुई इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


