नेपाल सीमा से कार में 18 किलो चरस की बड़ी खेप बरामद
Maharajganj News - महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त रूप से 18 किलोग्राम चरस की खेप बरामद की। चरस को एक कार में सीएनजी सिलेंडर के नीचे छिपाकर रखा गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, और चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग दो करोड़ रुपए आंकी गई है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नौतनवा थाना क्षेत्र के संपतिहां चौकी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार की शाम एसएसबी एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने एक कार में छिपाकर रखी करीब 18 किलोग्राम चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से चरस कारोबारी को भी गिरफ्तार किया है। टीम मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। पकड़ी गयी चरस की खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो करोड़ के करीब आंकी जा रही है। नेपाल सीमा से तस्करी कर भारत की सीमा में लाई गई चरस की बड़े खेप की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया है। नेपाल से भारत की सीमा में लाई गई चरस स्विफ्ट कार में लगे सीएनजी सिलेंडर के नीचे छिपाकर रखी गई थी।
चरस के साथ पकड़ा गया कार चालक हेमंत सिंह गाजीपुर जनपद के भरतपुर गांव थाना बहरियाबाद का रहने वाला है। पकड़े गए आरोपी को नेपाल से किसी व्यक्ति द्वारा नेपाल सीमा पर चरस सौंपा गया था, जिसके बाद उसने अपनी कार की डिक्की में लगे सीएनजी सिलेंडर के पास छिपा दिया था। नौतनवा क्षेत्र के रतनपुर से दुर्गापुर होते हुए चंडी थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर निकला था। फिर कोल्हुई होते हुए गोरखपुर से आजमगढ़ जाना था, जहां उसे एक बड़े कारोबारी को चरस की खेप देनी थी। इससे पहले मुखबिर की सूचना मिलते ही संपतिहा चौकी पर सीओ नौतनवा अंकुर गौतम, एसएसबी एवं भारी पुलिस फोर्स तैनात हो गई। घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया गया। जांच-पड़ताल के बाद कार से उक्त चरस की बरामदगी हुई। सीमा से चरस के बड़े खेप की बरामदगी को लेकर एजेंसियां चौकन्ना हो गई हैं। थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर एक स्विफ्ट कार से 18 किलो चरस की बरामदगी हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




