Maharajganj News: दो करोड़ से चार तहसीलों में खुलेंगे न्यू एज लर्निंग सेंटर
Maharajganj News: महराजगंज जिले की चारों तहसीलों में दो करोड़ रुपये की लागत से न्यू एज लर्निंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। पुराने पुस्तकालयों और उपयुक्त सरकारी भवनों को आधुनिक अध्ययन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां युवाओं को कंप्यूटर, टैबलेट, हाईस्पीड इंटरनेट, ई-लाइब्रेरी और ऑनलाइन मॉक टेस्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष सुविधाएं देने की योजना है।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जिले की चारों तहसीलों में युवाओं को डिजिटल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दो करोड़ रुपये की लागत से न्यू एज लर्निंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। केंद्र सरकार से मंजूर इस परियोजना के तहत पुरानी लाइब्रेरियों व उपयुक्त सरकारी भवनों को आधुनिक अध्ययन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों पर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों व दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। डीआईओ एनआईसी मनोज कुमार ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों व दिव्यांगों तक आधुनिक डिजिटल शिक्षा की पहुंच आसान बनाना है। इसके लिए जिले की चारों तहसीलों में उपयुक्त सरकारी भवनों को चिह्नित किया जा रहा है। इन भवनों में न्यू एज लर्निंग सेंटर संचालित किए जाएंगे।
केंद्रों में मिलेंगे डिजिटल अध्ययन संसाधन
डिजिटल संसाधनों के साथ ऑनलाइन टेस्ट की सुविधा
इन केंद्रों पर विद्यार्थियों को स्वाध्याय और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कंप्यूटर, टैबलेट, हाईस्पीड वाई-फाई इंटरनेट व डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही ई-लाइब्रेरी, ई-बुक्स एवं ऑनलाइन मॉक टेस्ट की सुविधा भी मिलेगी। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद देने के लिए विषय विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से करियर मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप सत्र आयोजित करने की भी योजना है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाएं
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए होंगी विशेष सुविधाएं
इन केंद्रों को आधुनिक डिजिटल अध्ययन केंद्रों के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां उपलब्ध संसाधनों के जरिए विद्यार्थियों को तहसील क्षेत्र में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। दिव्यांग अभ्यर्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए केंद्रों में व्हीलचेयर रैंप, स्क्रीन रीडर सॉफ्टवेयर, ऑडियो बुक्स और एक्सेसिबल कीबोर्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।
दो करोड़ रुपये से तैयार होंगे केंद्र
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि जिले की चारों तहसीलों में दो करोड़ रुपये की लागत से न्यू एज लर्निंग सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य दिव्यांग और मेधावी युवाओं को एक ही छत के नीचे डिजिटल लाइब्रेरी, हाईस्पीड इंटरनेट, ई-बुक्स और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है। डीडीओ और डीआईओ एनआईसी को भवनों के चिह्नांकन के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इन केंद्रों को तैयार कर युवाओं को समर्पित किया जाएगा।


