खैरटवा-ठूठीबारी रूट पर चलेंगी बसें, डीएम ने दी मंजूरी

Newswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share

Maharajganj News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जनपद के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य धारा व

खैरटवा-ठूठीबारी रूट पर चलेंगी बसें, डीएम ने दी मंजूरी

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जनपद के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य धारा व परिवहन सेवा से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत गुरुवार को डीएम कार्यालय में जिलास्तरीय समिति की बैठक हुई। डीएम संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बस संचालकों के चयन की प्रक्रिया को गति दी गई। नए रूटों के निर्धारण पर भी मुहर लगाई गई।बैठक के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि वाहनों के संचालन के लिए उन रूटों को प्राथमिकता दी जाए, जहां अभी तक परिवहन की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता को ब्लॉक, तहसील व जिला मुख्यालय तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीणों को सुरक्षित और सीधी आवागमन सुविधा मिलेगी।एआरएम सर्वजीत वर्मा ने समिति को अवगत कराया कि जनपद में इस योजना के तहत पहला रूट खैरटवा-बरगदवा-ठूठीबारी-महराजगंज प्रस्तावित किया गया है। वर्तमान में इस मार्ग पर कोई भी सरकारी बस सेवा उपलब्ध नहीं है। डीएम ने इस रूट का अनुमोदन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्गों को भी चिन्हित कर वहां निजी बस संचालकों के सहयोग से संचालन शुरू कराएं।युवा उद्यमियों को मिलेगा रोजगार का मौकाडीएम ने कहा कि यह योजना परिवहन सुविधा बढ़ाएगी। युवा उद्यमियों के लिए भी एक बड़ा अवसर है। सरकार निजी बस संचालकों को ग्रामीण मार्गों पर बस चलाने का मौका दे रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित होगा। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया ताकि अधिक से अधिक उद्यमी इससे जुड़ सकें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक सर्वजीत वर्मा, एआरटीओ मनोज सिंह सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।