महराजगंज में तांत्रिक मर्डर केस का एक साल बाद खुलासा, बदले की भावना से की गई थी हत्या
महराजगंज पुलिस ने एक वर्ष पुराने तांत्रिक हत्या कांड का खुलासा किया है। आरोपित राघवेन्द्र सिंह ने बेटे की मौत का बदला लेने के लिए तांत्रिक रमाकान्त चौहान की हत्या की थी। हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। करीब एक वर्ष पुराने तांत्रिक हत्याकांड का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बेटे की मौत का बदला लेने के लिए आरोपित ने तांत्रिक की हत्या की थी। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली गई है।
हत्या का कारण
पुलिस कार्यालय के सभागार में बुधवार को एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने एएसपी सिद्धार्थ व सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम के साथ तांत्रिक की मौत का खुलासा किया। बताया कि कोतवाली क्षेत्र के पिपरा रसूलपुर निवासी रमाकान्त चौहान ओझैती व तंत्र-मंत्र का काम करते थे। आरोपित राघवेन्द्र सिंह के परिवार से उनका संपर्क था। जनवरी 2025 में रमाकान्त ने राघवेन्द्र से दो लाख रुपये उधार मांगे थे। रुपये न मिलने पर दोनों के बीच नाराजगी हो गई थी। रमाकांत ने कहा था कि पैसा नहीं देने पर तुमको खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसी बीच शिवरात्रि के दिन राघवेन्द्र के बेटे ऋषभ सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। आरोपित ने ज्योतिषियों और ओझाओं से पूछताछ की, जिसके बाद उसे विश्वास हो गया कि रमाकान्त ने तंत्र-मंत्र के जरिए उसके बेटे की जान ली है। इसी शक व बदले की भावना में उसने हत्या की योजना बनाई।
शव फेंकने की जगह
पुलिस के मुताबिक बीते वर्ष एक जून को राघवेन्द्र सिंह पूजा-पाठ के बहाने रमाकान्त को अपनी कार से लेकर गया। रास्ते में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाने के बाद सहजनवां के पास बरईपार पाली गांव के बाहर सुनसान स्थान पर लोहे की पाइप से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को बस्ती जनपद में टांडा जाने वाली रोड पर खडौवाजाट गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।
आरोपी की जानकारी
गोरखपुर का रहने वाला है हत्यारोपी राघवेंद्र। इस मामले में मृतक की पत्नी बिजुला देवी की तहरीर पर कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान कार्यवाहक कोतवाल एवं प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार व उपनिरीक्षक अंजनी कुमार यादव की टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। हत्यारोपी राघवेंद्र सिंह पुत्र रामजी सिंह उर्फ जेलर गोरखपुर जिले के केशवपुर वार्ड नंबर 16 पिक्चर हाल गली सहजनवा का रहने वाला है। हत्या का केस दर्ज करने के बाद वह दिल्ली में जाकर प्राइवेट नौकरी करने लगा। इसी बीच वह दिल्ली से घर आया। जिसके बाद कोतवाली पुलिस उसे दबोच ली। हत्यारोपी राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह, एसआई अंजनी कुमार यादव, हेड कांस्टेबल करुणेश सिंह, कांस्टेबल अमित वर्मा, अंकित यादव शामिल रहे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


