आईजीआरएस निस्तारण में महराजगंज पुलिस प्रदेश में अव्वल
Maharajganj News - महराजगंज पुलिस ने राज्य स्तर पर जारी नवीनतम आईजीआरएस रिपोर्ट में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सभी थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया गया है, जिससे जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत हुआ है। सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कार भी दिया गया है।

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। राज्य स्तर पर जारी नवीनतम समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस रिपोर्ट में जिले की पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। साथ ही जिले के सभी थानों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है।एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि आईजीआरएस प्रणाली के अंतर्गत जनता की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी जाती है। महराजगंज पुलिस ने सभी शिकायतों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया, जिससे जनता का विश्वास पुलिस के प्रति और मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस रिपोर्ट में प्रत्येक थाना स्तर पर शिकायतों की सतत निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से यह उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त हुआ है।
उन्होंने इस सफलता पर सभी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन, तथा जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। इस उपलब्धि पर उत्साह वर्धन के लिए एसपी ने सभी थानों के एसएचओ-एसओ को एक-एक हजार रुपये तथा सभी थाने और पेशी के हर आईजीआरएस पुलिस कर्मी को 500-500 रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पुलिस जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


