पत्नी की हत्या के 24 घंटे के अंदर पति ने की खुदकुशी

Mar 06, 2026 05:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंज
share

Maharajganj News - महराजगंज के बृजमनगंज में पति मुर्तुजा ने पत्नी नजमा की कुल्हाड़ी से हत्या की। अगले दिन, मुर्तुजा का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। यह घटना क्षेत्र में सनसनी का कारण बनी।

पत्नी की हत्या के 24 घंटे के अंदर पति ने की खुदकुशी
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। महराजगंज के बृजमनगंज में पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या करने वाले आरोपी पति ने 24 घंटे के अंदर खुदकुशी कर ली। पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर हुए इस लोमहर्षक घटना ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी है। पत्नी के हत्यारोपी पति मुर्तुजा का शव शुक्रवार को दोपहर बाद उसके घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस जांच में जुट गई है।

बृजमनगंज के ग्राम सौरहा खास में पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद को लेकर एक दिन पूर्व गुरुवार की शाम बड़ी वारदात हो गई थी। डेढ़ साल पहले दोनों की शादी हुई थी और मुर्तुजा की पत्नी नजमा विवाद के बाद अपने मायके बरगाहपुर में रहती थी। गुरुवार को वह अपना सामान लेने पति के घर सौरहा खास पहुंची थी। घर से बाहर निकली कि आरोपी पति ने उसे बात करने के बहाने अंदर बुलाया और इसी दौरान कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इस हत्या करने के मामले ने शुक्रवार को तब नया मोड़ ले लिया, जबकि शुक्रवार की दोपहर बाद आरोपी पति मुर्तुजा का शव घर में पंखे से लटका मिला।

ससुराल के लोग पहुंचे तब हुई घटना की जानकारी

घटना का पता तब चला जब आरोपी मुर्तुजा के ससुराल के कुछ लोग बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सौरहा में शुक्रवार की दोपहर पंहुचे। आरोपी के ससुराल के कुछ लोग जब वहां दरवाजे पर पहुंचे तो दरवाजा बंद था। एक लड़का दरवाजा खोल कर अंदर गया तो देखा कि मुर्तुजा का शव फंदे से लटक रहा है। मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसके बाद बृजमनगंज पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर पहुंच कर शव को उतरवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया गया है। घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कराई जा रही है। घटना के बाद सीओ फरेंदा अनिरुद्ध कुमार ने घटना स्थल का मुआयना कर पुलिस को जरूरी निर्देश दिया।

घटना के बाद से फरार चल रहा था आरोपी

अपनी पत्नी की हत्या के बाद से आरोपी मुर्तुजा मौके से फरार हो गया था। वहीं, मृतका नजमा की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी मुर्तुजा के विरुद्ध केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी पुलिस के हत्थे तो नहीं चढ़ा, शुक्रवार दोपहर बाद उसके ही घर में फंदे से लटकती उसकी लाश मिल गई।

माता-पिता घटना के समय घर नहीं थे

मुर्तुजा के परिवार में उसके पिता मुस्तकीम, माता हकीकुन निशा तथा एक भाई मुस्तफा हैं। मुस्तफा परिवार सहित बाहर रहता है। उसकी छोटी बहन जरीना अपनी बड़ी बहन हसीना के घर रहती है। गुरुवार की सुबह ही मुर्तुजा की मां बड़ी बेटी हसीना के घर त्योहारी लेकर गई थी। पिता भी घटना के समय घर से बाहर खेत देखने गए थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।