Maharajganj News: लिया निर्णय, प्रत्येक शनिवार को अधिवक्ता न्यायिक कार्य से रहेंगे विरत
Maharajganj News: महराजगंज में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन की आमसभा में प्रदेशव्यापी चार सूत्री मांगों पर चर्चा हुई। अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की और फरियादियों-वादकारियों के न्यायिक हितों की रक्षा के लिए जिला जज को प्रार्थनापत्र भेजा। बैठक में असुरक्षा, हमलों और फर्जी मुकदमों में फंसाए जाने की समस्या भी उठाई गई। मांगों के समर्थन में प्रत्येक शनिवार न्यायिक कार्य से विरत रहकर आमसभा करने का निर्णय लिया गया।
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के प्रभारी अध्यक्ष अरविंद निषाद व महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी चार सूत्री मांगों के लिए बार सभागार में आमसभा की बैठक हुई। आम सभा की बैठक के दौरान बार एसोसिएशन की तरफ से फरियादियों-वादकारियों के न्यायिक हित सुरक्षित रखने का प्रार्थनापत्र जिला जज अरविंद मलिक को भेजा गया। साथ ही मांगों के समर्थन में हर शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया।
एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
आम सभा में उपस्थित अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग पर जोर दिया। कहा कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू न होने से अधिवक्ताओं को न्यायिक सेवा संपादित करने में असुरक्षा तथा मुकदमों की पैरवी करने की रंजिश से अधिवक्ताओं पर हमले तथा फर्जी मुकदमों में फसाया जा रहा है। अधिवक्ताओं पर हुए फर्जी मुकदमों का ट्रायल अन्य जनपद में कराए जाने से अधिवक्ताओं का न्यायिक सेवा प्रदान करना प्रभावित होगा। इसके दुरुपयोग की आशंकाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।
हर शनिवार न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय
आमसभा में इस मत पर विशेष बल दिया गया कि अधिवक्ताओं की हड़ताल पर रोक से फरियादियों के हित प्रभावित होंगे। हड़ताल अधिवक्ताओं का एक सशक्त माध्यम है। आम सभा में सर्वसम्मति से यह निर्णय पारित किया गया की सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अपनी मांगों के लिए प्रत्येक शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहकर आम सभा की बैठक करेंगे। महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ताओं के न्यायिक स्वतंत्रता को बाधित करने की कोशिश हो रही है। पूर्व महामंत्री धर्मेन्द्र त्रिपाठी ने अधिवक्ताओं के हितों के लिए निर्णायक सत्याग्रह पर बल दिया। आम सभा में पूर्वअध्यक्ष शंभू शरण पांडेय, नरेंद्र श्रीवास्तव, हमीदुल्लाह खान, जितेंद्र सिंह, इंद्रासन सिंह, पूर्व महामंत्री धर्मेंद्र त्रिपाठी, सत्य प्रकाश सिंह, अनूप सिंह, वकील प्रजापति, वशिष्ठ मिश्रा, हरेंद्र मिश्रा, कैलाश अग्निहोत्री, दयासागर चौधरी, अभिजीत सिंह, गुड्डू कनौजिया, प्रमोद श्रीवास्तव, रमेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।

