Maharajganj News: नाबालिग से दुष्कर्म में मुख्य आरोपित को 10 साल की सजा
Maharajganj News: महराजगंज की अदालत ने वर्ष 2015 में नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में तीन आरोपितों को दोषी ठहराया। मुख्य दोषी धर्मेंद्र यादव को दुष्कर्म के लिए 10 साल और अपहरण व साजिश के लिए पांच साल की सजा सुनाई गई। गामा यादव और गायत्री देवी को भी पांच-पांच साल का कारावास और अर्थदंड दिया गया।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। घुघली क्षेत्र में वर्ष 2015 में नाबालिग के अपहरण व दुष्कर्म के मामले में अदालत ने तीन आरोपितों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। अपर सेशन न्यायाधीश ज्ञानेंद्र राव ने बुधवार को मुख्य दोषी धर्मेंद्र यादव को दुष्कर्म के मामले में 10 साल के सश्रम कारावास व 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। वहीं अपहरण व आपराधिक साजिश के मामले में धर्मेंद्र को पांच साल का कारावास व 10 हजार रुपये अर्थदंड दिया गया। अन्य दो दोषियों गामा यादव व उसकी पत्नी गायत्री देवी को पांच-पांच साल के कारावास एवं 10-10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।
अर्थदंड नहीं देने पर अभियुक्तों को अतिरिक्त साधारण कारावास की सजा भुगतना होगा। पत्रावली के अनुसार घुघली थाना क्षेत्र की पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया था कि 10 मार्च 2015 को उनकी 17 वर्षीय बेटी सिलाई-कढ़ाई सीखने के लिए प्रशिक्षण केंद्र जा रही थी। आरोप था कि पट्टीदारी की रंजिश के चलते साजिश के तहत शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आठ मई 2015 को घुघली थाने में केस दर्ज किया गया था। विवेचना के बाद पुलिस ने आरोपपत्र दाखिल किया।मामले की सुनवाई अपर सेशन न्यायाधीश की अदालत में हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से अपर जिला शासकीय अधिवक्ता सर्वेश्वर मणि त्रिपाठी ने पैरवी की। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों व दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 14 अक्तूबर को तीनों को दोषसिद्ध करार दिया।


