Hindi NewsUttar-pradesh NewsMaharajganj NewsMaharajganj Bypass Project Traffic Relief and Infrastructure Development

महराजगंज फोरलेन बाईपास: थ्री ए ड्राफ्ट के लिए सर्वे शुरू

Maharajganj News - महराजगंज में गोरखपुर-फरेंदा मार्ग पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए फोर लेन बाईपास परियोजना प्रस्तावित है। प्रशासन ने प्रभावित गांवों के सर्वे का काम शुरू कर दिया है। यह बाइपास 15 गांवों से गुजरेगा और...

Newswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंजSun, 12 Oct 2025 12:43 PM
share Share
Follow Us on
महराजगंज फोरलेन बाईपास: थ्री ए ड्राफ्ट के लिए सर्वे शुरू

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। गोरखपुर-फरेंदा मार्ग पर महराजगंज शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए प्रस्तावित फोर लेन बाईपास परियोजना के लिए शासन के निर्देश पर प्रशासन ने थ्री ए ड्राफ्ट तैयार करने के लिए गांव प्रभावित, भूमि श्रेणी, गाटा, रकबा के सर्वे का काम शुरू कर दिया है। सर्वे के बाद डीपीआर बनेगा। महराजगंज-गोरखपुर मार्ग पर सिसवा बाबू गांव से निकलने वाला फोर लेन बाईपास रामनगर गांव के पास महराजगंज-फरेंदा मार्ग से जुड़ जाएगा। प्रस्तावित मार्ग सिसवा बाबू, गौनरिया, रामपुर, सतभरिया, सवना, संवरेजी, बांसपार बैजौली, महुअवा, रूद्रापुर, सिसवा अमहवा, पकड़ी नौनिया और रामनगर समेत करीब 15 गांव की सीमा से गुजरेगा।

बाइपास के लिए एनएच 730 के किमी 472 से किमी 505 तक भूमि अधिग्रहण होना है। थ्री ए ड्राफ्ट तैयार करने के लिए उप भूमि अध्याप्ति विभाग ने सदर तहसील प्रशासन को पत्र भेजा है। प्रभावित गांवों के गाटों, रकबा व भूमि की श्रेणी की जांच की जा रही है जिससे अधिग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। गुरूग्राम की कंपनी बनाएगी डीपीआर यह बाइपास फोर लेन बनाई जाएगी। थ्री ए ड्राफ्ट तैयार होने के बाद गुरुग्राम की एक कंपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी। इसके साथ ही विद्युत विभाग को बाइपास मार्ग पर विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग के लिए आगणन तैयार करने का निर्देश भेजा गया है। बाइपास के निर्माण से शहर में भारी वाहनों और लंबी दूरी के यात्री परिवहन से पैदा होने वाली जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा। शहर का विस्तार बढ़ेगा। उप भूमि अध्याप्ति अधिकारी/एसडीएम नंद प्रकाश मौर्य ने कहा, सिसवा बाबू से रामनगर बाईपास के लिए थ्री ए ड्राफ्ट तैयार कराया जाना है। इसके लिए तहसील प्रशासन को प्रभावित गांवों के गाटों, रकबा व भूमि की श्रेणी की जांच के लिए पत्र भेजा गया है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।