
प्यार में फरेब, पांच साल बाद शादी से मुकरा प्रेमी
Maharajganj News - भिटौली थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी के खिलाफ इंसाफ की लड़ाई शुरू की है। पांच साल तक शादी का वादा करने वाला प्रेमी विदेश लौटने पर शादी से मुकर गया। युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जहां पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
भिटौली, हिन्दुस्तान संवाद। कहते हैं प्यार अंधा होता है, लेकिन भिटौली थाना क्षेत्र में एक युवती के लिए यही प्यार अब इंसाफ की लड़ाई बन गया है। पांच साल तक शादी के सुनहरे सपने दिखाने वाला प्रेमी जब विदेश से लौटा तो उसके सुर बदल गए। दूल्हा बनकर घर आने का वादा करने वाला युवक अब युवती को पहचानने से भी इनकार कर रहा है। न्याय की आस में पीड़िता ने अब थाने की चौखट पर दस्तक दी है। पीड़िता ने थाना प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि पड़ोस के गांव के एक युवक के साथ उसका पिछले 5 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
इस दौरान युवक ने शादी का अटूट भरोसा दिलाकर उसे कई बार बाहर घुमाया। आरोप है कि उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती युवक के हर वादे को सच मानकर सुनहरे भविष्य के सपने बुनती रही। दो साल पहले युवक विदेश चला गया। जाते समय उसने वादा किया था कि लौटते ही वह धूमधाम से शादी कर उसे अपने घर ले जाएगा। हाल ही में जब वह वतन लौटा, तो पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया। पहले तो युवक टालमटोल करता रहा, लेकिन अंत में उसने साफ कह दिया कि वह उससे शादी नहीं करेगा। जब पीड़िता ने युवक के माता-पिता से गुहार लगाई, तो उसे अपनाने के बजाय गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। भिटौली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मिल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




