Maharajganj News: घर पर गिरी आकाशीय बिजली, कुछ घंटे पहले ही दर्शन को निकलने से बच गई जान
Maharajganj News: महराजगंज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पुरम में रविवार सुबह बारिश के दौरान एक झोपड़ी पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह जलकर खाक हो गई। संयोग से रमाशंकर यादव झोपड़ी में नहीं थे, क्योंकि उन्होंने दर्शन करने के लिए बाहर जाने का निर्णय लिया था। सभी सामान के जलने से नुकसान हुआ है।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। नगर पंचायत आनंदनगर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पुरम में रविवार की भोर में एक हादसा हो गया। एक रिहायशी झोपड़ी पर अचानक बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिर गई। झोपड़ी जलकर खाक हो गई। संयोग अच्छा था कि रोज की तरह वे झोपड़ी में नहीं थे और कुछ घंटे पहले ही दर्शन करने निकल गए थे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पुरम निवासी रमाशंकर यादव की पोखरे के किनारे रिहायशी झोपड़ी है। रोज वह घर से खाना खाकर इसी झोपड़ी में सोने आते हैं। शनिवार की शाम वह खाना खाकर झोपड़ी पर आए। लेकिन सोने की जगह ताला लगाकर प्रभुनाथ दर्शन के लिए निकल गए।
इसी बीच रविवार की भोर में तेज बारिश के साथ हवा शुरू हुई। झोपड़ी पर तेज कड़क के साथ आकाशीय बिजली गिरी और कुछ ही देर में झोपड़ी जलकर खाक हो गई। झोपड़ी जलता देख बारिश में भींगते हुए लोग मौके पर पहुंचे और अंदर देखा तो रमाशंकर को न देख राहत की सांस ली। आग लगने से झोपड़ी में रखी चारपाई, बिस्तर, पंखा, खाने-पीने के सामान सहित अन्य सभी कुछ जलकर राख हो गया।


