नई सड़कों को लेकर राज्यमंत्री से मिले सदर विधायक
Maharajganj News - महराजगंज के सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने गोरखपुर में राज्य मंत्री दिनेश सिंह से मुलाकात की। विधायक ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार और नई सड़कों की मांग को लेकर पत्रक सौंपा। मंत्री ने समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सर्किट हाउस गोरखपुर में सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात दिनेश सिंह से मुलाकात की। क्षेत्र की जर्जर सड़कों के जीर्णोद्धार व नई सड़कों की मांग सहित अन्य समस्याओं से संबंधित पत्रक सौंपा। विधायक की राज्यमंत्री से मुलाकात जनपद की विकास आवश्यकताओं पर चर्चा केंद्रित रही। विधायक ने मंत्री को क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि कई महत्वपूर्ण सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। आमजन को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। मंत्री को एक विस्तृत पत्र भी सौंपा, जिसमें सदर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों के जीर्णोद्धार और नए निर्माण कार्यों की मांगें शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि ये सड़कें स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन, कृषि परिवहन और आपातकालीन सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विभाग शीघ्र कार्रवाई कर इन मार्गों को बेहतर स्थिति में लाने की दिशा में निर्णय लेगा। मंत्री दिनेश सिंह ने विधायक द्वारा उठाई गई समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री के सहयोग से लंबित सड़क परियोजनाओं को जल्द ही मूर्त रूप मिलेगा। इस अवसर पर संजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




