ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश महाराजगंजकारतूस का रखिए हिसाब, वरना लाइसेंस से धोना पड़ेगा हाथ

कारतूस का रखिए हिसाब, वरना लाइसेंस से धोना पड़ेगा हाथ

लाइसेंसी असलहा से फायरिंग कर खोखा इधर-उधर फेंकने वालों के लिए अच्छी खबर नहीं है। शासन के निर्देश पर प्रशासन जिले के सभी लाइसेंसी शस्त्रों की जांच शुरू करा दी है। सबसे खास बात यह है कि लाइसेंस पर...

कारतूस का रखिए हिसाब, वरना लाइसेंस से धोना पड़ेगा हाथ
हिन्दुस्तान टीम,महाराजगंजTue, 03 Sep 2019 12:09 AM
ऐप पर पढ़ें

लाइसेंसी असलहा से फायरिंग कर खोखा इधर-उधर फेंकने वालों के लिए अच्छी खबर नहीं है। शासन के निर्देश पर प्रशासन जिले के सभी लाइसेंसी शस्त्रों की जांच शुरू करा दी है। सबसे खास बात यह है कि लाइसेंस पर जितने कारतूस दर्ज हैं, उनका का पूरा हिसाब जांच टीम को देना होगा। फायरिंग में जितने कारतूस खर्च किए गए हैं, उनका खोखा भी दिखाना होगा। यह भी बताना होगा कि फायरिंग कब व किस उद्देश्य से की गई। कारतूस का सही ब्योरा नहीं देने पर शस्त्र के लाइसेंस को निरस्त कर दिया जाएग। कारतूस का ब्यौरा 2013 से देना है।

जनपद में 3613 असलहा धारकों को कुल 3714 शस्त्र लाइसेंस जारी किए गए हैं। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी शस्त्रों की जांच शुरू करा दिया है। इसमें यह देखा जा रहा है कि लाइसेंस कब निर्गत हुई है। उसकी वैधता तिथि क्या है? आधारकार्ड, पैन कार्ड व मतदाता पहचान पत्र भी लिया जाएगा।

जिले के इकलौते गन हाउस से साल भर में नहीं बिके एक भी कारतूस

महराजगंज जनपद में 3714 शस्त्र लाइसेंस जारी हुए हैं। शस्त्र खरीदने के लिए एक गन हाउस भी है। लेकिन पिछले एक साल से जिले के इकलौते गन हाउस से एक भी कारतूस नहीं बिके हैं। अधिकतर लाइसेंसी गोरखपुर या अन्य किसी दूसरे शहर से कारतूस खरीद रहे हैं। कई ऐसे शस्त्रधारक हैं जो पिछले दो साल कहीं से भी एक भी कारतूस नहीं खरीदे हैं। ऐसे असलहा धारकों के शस्त्र की उपयोगिता की जांच होगी।

इन मानकों पर खरा नहीं उतरने पर निरस्त होगा लाइसेंस

-अगर कोई लाइसेंसी शस्त्र धारक की उम्र 60 वर्ष से अधिक हो गई है तो जांच टीम यह देखेगी कि बुजुर्ग लाइसेंसी असलहा चलाने के योग्य है या नही। अगर योग्य नहीं होंगे तो एसडीएम व सीओ की आख्या पर लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।

-जिन लाइसेंस धारकों ने असलहा चलाने का प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया है तो उसके भी शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कर दिया जाएगा।

-सोहगीबरवा वन्यजीव अभ्यारण्य से दस किमी के अंदर रहने वाले लाइसेंसी को वन विभाग से एनओसी देना था। जिन्होंने एनओसी नहीं दिया है उनके शस्त्र का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। सेंक्चुरी की जद में नगर पालिका परिषद महराजगंज, नगर पंचायत निचलौल व सिसवा के भी लाइसेंसी आ गए हैं।

-दो साल से कारतूस नहीं खरीदने वाले लाइसेंसियों के शस्त्र की उपयोगिता का परीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

शासन के निर्देश पर सभी असलहों की जांच शुरू हो गई है। लाइसेंस कब निर्गत हुई है। उसकी वैधता तिथि क्या है। इसके अलावा कई अन्य बिंदु है। इनके मापदंड पर खरा नहीं उतरने पर लाइसेंस निरस्त करने का आदेश है। इसकी जांच कराई जा रही है। एसडीएम व सीओ की संयुक्त रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।

रोहित सिंह सजवान-एसपी

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें