बेहतर स्वास्थ्य के लिए माहवारी स्वच्छता पर खुलकर संवाद करना जरूरी
महराजगंज में अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। वक्ताओं ने महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता की जानकारी दी। मुख्य अतिथि अरविंद पांडेय ने कहा कि माहवारी स्वच्छता गरिमा और समानता से जुड़ी है। उन्होंने समाज में मौजूद संकोच और भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। अंतर्राष्ट्रीय माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर धानी में जागरूकता एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। वक्ताओं ने महिलाओं और किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि एनएचएम के मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद पांडेय ने कहा कि महिलाओं और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन के लिए माहवारी स्वच्छता पर खुलकर संवाद करना जरूरी है। सुरक्षित माहवारी प्रबंधन केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि गरिमा, समानता एवं महिला सशक्तिकरण से भी जुड़ा है।उन्होंने समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और किशोरियों को सही जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला सलाहकार शिवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि आज भी समाज में माहवारी को लेकर संकोच, शर्म एवं गलत धारणाएं मौजूद हैं।
इससे किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।जागरूकता से ही इससे जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। किशोरियों और महिलाओं में मटका इंसनेरेटर वितरण कर इसके सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख नरेंद्र प्रताप श्रीवास्तव, सोहम, जितेंद्र मौर्य, सुरेंद्र यादव, काउंसलर रंजू गुप्ता और उमेश मणि त्रिपाठी सहित कई लोग शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


