Maharajganj News: सीडीओ ने निर्माणाधीन उत्सव भवन का किया निरीक्षण, जांच को लिए ईंटों के सैंपल
Maharajganj News: सीडीओ महेन्द्र कुमार सिंह ने ग्राम पंचायत हरपुर में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे उत्सव भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की स्थिति, सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच की। उन्होंने जल्दी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया और गुणवत्ता की जांच के लिए ईंटों के सैंपल भेजने को कहा।

Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सीडीओ महेन्द्र कुमार सिंह ने नौतनवा क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरपुर में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन उत्सव भवन का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गति, प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता व तय तकनीकी मानकों का बारीकी से जायजा लिया। जांच को लिए ईंटों के सैंपल भेजने का निर्देश दिया।ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक व सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा स्वीकृत इस परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रशासन ने छह माह की समय-सीमा निर्धारित की है। निरीक्षण के दौरान पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सीडीओ ने कार्यस्थल पर इस्तेमाल हो रही ईंटों का सैंपल स्वयं लिया।
उसे तत्काल लैब टेस्ट के लिए भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सिविल आदिसुन, पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता सुधीर वर्मा, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीडीओ, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान गोपी, ग्राम प्रतिनिधि अमित मिश्रा, सचिव पुष्पेंद्र राय, सीई आदित्य चौधरी और सीई प्रशांत सिंह सहित अन्य संबंधित मौजूद रहे।


