महराजगंज में आम तोड़ने पर मासूम को हाथ-पैर बांधकर पीटा, दंपति पर मुकदमा
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। चौक क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक घटना सामने आई है। नगर पंचायत चौक के पं. दीनदयाल नगर में एक मासूम बच्चे को आम तोड़ने के मामूली आरोप में अमानवीय सजा दी गई है। मासूम के हाथ-पैर बांधकर उसकी पिटाई हुई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालांकि इस वायरल वीडियो की सत्यता की हिन्दुस्तान पुष्टि नहीं करता है। इस मामले में पुलिस ने दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।बच्चा पास के एक पेड़ से आम तोड़ रहा था।
इसी बात से नाराज होकर पेड़ की मालकिन सरिता देवी और उसके पति रामनाथ ने आपा खो दिया। आरोप है कि दंपति ने बच्चे के हाथ पीछे बांध दिए और उसके पैर भी बांधकर बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान मासूम दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपितों ने उसे नहीं छोड़ा। घटना को देखकर आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पीड़ित बच्चे और उसके परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने सरिता देवी पत्नी रामनाथ तथा रामनाथ पुत्र भगवंत के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एसओ ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


