हिन्दुस्तान मिशन शक्ति : स्कूल छोड़ चुके बच्चों का भविष्य संवार रहीं महराजगंज की पूनम
महराजगंज। वरिष्ठ संवाददाता सिसवा कस्बे की पूनम प्रभा सोनी बीजापार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय...
महराजगंज। वरिष्ठ संवाददाता
सिसवा कस्बे की पूनम प्रभा सोनी बीजापार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका हैं। अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के साथ ही वह सामाजिक कार्यों में सहभागिता कर लोगों को जागरूक करती हैं। स्कूल छोड़ चुके दो दर्जन से ऊपर बच्चों का दोबारा दाखिला दिला चुकी हैं।
इन बच्चों का भविष्य संवारकर शिक्षा का अलख जगा रही हैं। इसके साथ ही अब तक दस हजार से अधिक पौधे लगा चुकी हैं। विद्यालय में प्रतिवर्ष पौधरोपण का आयोजन करती हैं। इसके लिए उन्हें सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुरस्कृत भी किया गया है। पूनम प्रभा सोनी ने टाटानगर-जमशेदपुर से एमएससी करने के बाद गोरखपुर विश्वविद्यालय से बीएड की डिग्री हासिल की। फिर कस्बे के प्रेमलाल सिंहानिया कन्या इंटर कॉलेज में नौ साल तक विज्ञान शिक्षिका के रूप में बालिकाओं को शिक्षा देती रहीं।
वर्ष 2005 में प्राथमिक विद्यालय रुद्रापुर में प्रधानाध्यापिका के रूप में तैनाती मिली। इसके बाद बीजापार पूर्व माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापिका बनीं। पूनम प्रभा शुरू से ही सामाजिक कुरीतियों का विरोध करती रहीं। विद्यालय में काफी चुनौतियों व संघर्षों के बीच वह बालिकाओं को यौन शोषण व घरेलू हिंसा के प्रति भी जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा वह विद्यालय से शिक्षा पूरी करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए जाने वाली गरीब बेटियों की आर्थिक मदद भी करती हैं। दस बच्चियों को आगे की पढ़ाई के लिए मदद कर चुकी हैं।
एक नजर
पूनम प्रभा सोनी
निवासी : सिसवा बाजार, महराजगंज
पेशा : प्रधानाध्यापिका, बीजापार पूर्व माध्यमिक विद्यालय
सहयोग: स्कूल छोड़ चुके दो दर्जन बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा,जनजागरूकता
