Maharajganj News: जंगल में झाड़फूंक की सूचना पर हंगामा, पुलिस ने संभाला मामला
Maharajganj News: महराजगंज के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग में झाड़-फूंक की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
Maharajganj News: महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के दक्षिणी चौक रेंज के खोस्टा प्रथम बीट के जंगल में शुक्रवार को कथित झाड़-फूंक की सूचना पर विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने वहां हो रही गतिविधि का विरोध किया। इस दौरान कुछ लोग मौके से चले गए, जबकि कुछ की कार्यकर्ताओं से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ता देख कार्यकर्ताओं ने चौक पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मौके से पुलिस कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। कार्यकर्ताओं में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के जिला गौरक्षक प्रमुख राहुल गुप्ता, सत्य गुप्ता, सत्यम तिवारी, अश्वनी कन्नौजिया, नितेश गुप्ता, आलोक निगम और राहुल समेत अन्य शामिल रहे।
कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। चौक थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। मामले में कुछ लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


