Maharajganj News: धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, उमड़े श्रद्धालु
Maharajganj News: महराजगंज के ग्राम बड़हरा महंथ में गुरुवार को परंपरागत वैदिक मंत्रोचार के बीच भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने उत्साह से रथ खीचा और भक्ति भाव में जयकारे लगाए। यात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए मंदिर परिसर में पहुंची। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
Maharajganj News: महराजगंज, वरिष्ठ संवाददाता। सिसवा क्षेत्र के ग्राम बड़हरा महंथ स्थित मठ से गुरुवार को अपराह्न परंपरागत तरीके से वैदिक मंत्रोचार के बीच धूमधाम से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालु उमड़ पड़े। लोग थिरकते हुए जयकारा लगाते चल रहे थे। परंपरा के अनुसार मंदिर से वैदिक मंत्रोचार, मंगल आरती के बाद मंदिर के पट को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गये। उसके बाद मठाधीश महंथ संकर्षण रामानुज दास ने पूजा-अर्चना, छप्पन भोग व महाआरती के बाद रथ पर भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा व भाई बलराम को आसीन किया। श्रद्धालुओं के रथ की परिक्रमा के बाद यात्रा प्रारंभ की गई।
पूरा माहौल भक्ति-भाव में सराबोर हो गया। लोग रथ को अपने कंधे से खींचते और जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। विभिन्न गांवों का भ्रमण करने के बाद परसिया पुल, हिरणी नदी होते हुए रथयात्रा बरवां दिगंबर नहर पर पहुंची। वहां से श्रद्धालुओं के दर्शन के बाद पुनः रथ यात्रा मंदिर परिसर में पहुंची। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानाध्यक्ष कोठीभार अखिलेश वर्मा, निचलौल, सिंदुरिया, चौक, श्यामदेउरवा सहित अन्य थानों की पुलिस, पीएसी, यातायात पुलिस, महिला पुलिस सहित भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।


