सोना कारोबार में गिरावट से बढ़ाई चिंता, सर्राफा व्यापारियों ने सौंपा मांगपत्र
Maharajganj News - महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सोना कारोबार में लगातार गिरावट व बाजार में बढ़ती मंदी से
महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। सोना कारोबार में लगातार गिरावट व बाजार में बढ़ती मंदी से परेशान सर्राफा व्यापारियों ने सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की है। सोनार कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिरुद्ध वर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री को संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी को सौंपा। स्वर्ण व्यापारियों ने गोल्ड बैंक गठन, सोना-चांदी के दाम नियंत्रित करने तथा कमोडिटी मार्केट पर रोक लगाने की मांग उठाई, और कहा की कारोबार प्रभावित होने से छोटे व मध्यम वर्ग के सर्राफा व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहराने लगा है।
सरकार से राहत की मांग
अध्यक्ष अनिरुद्ध वर्मा ने कहा कि स्वर्ण समाज प्रधानमंत्री की अपील का सम्मान करता है, लेकिन इसका सीधा असर छोटे व मध्यम वर्ग के स्वर्ण व्यापारियों पर पड़ रहा है। कारोबार में लगातार गिरावट आने से हजारों परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने लगा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने आवश्यक कदम नहीं उठाए तो छोटे सर्राफा व्यवसायियों की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
गोल्ड बैंक की स्थापना
स्वर्ण व्यापारी हरिशंकर वर्मा, राजेंद्र स्वर्णकार, अनूप सोनी, पवन कुमार वर्मा व शिवजी वर्मा ने रिजर्व बैंक के माध्यम से भारतीय गोल्ड बैंक की स्थापना कराने की मांग की। उनका कहना है कि इससे सर्राफा कारोबार को स्थिरता मिलेगी व व्यापारियों को सुरक्षा भी प्राप्त होगी। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल की तरह सोना-चांदी के दाम नियंत्रित करने तथा कमोडिटी मार्केट पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग भी उठाई। व्यापारियों का आरोप है कि कमोडिटी कारोबार के चलते छोटे व्यापारी लगातार नुकसान झेल रहे हैं। स्वर्ण व्यापारियों ने सरकार से स्वर्ण व्यापारियों को सहकारी लाइसेंस देने, बच्चों की शिक्षा व अन्य रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि सरकार यदि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करती है तो स्वर्ण व्यवसायी भी देशहित में सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


